This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

3 घंटे शहर में घूमेंगे राहुल, फूलबाग पर होगी सभा

User Rating: 0 / 5

Star InactiveStar InactiveStar InactiveStar InactiveStar Inactive
 

ग्वालियर। चुनाव का बिगुल बजते ही राजनीतिक हलचल जोर पकड़ने लगी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार को शहर में आए तो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी अगले सप्ताह 15 अक्टूबर को यहां आकर सीधे जनता के बीच जाएंगे। शहर जिला कांग्रेस ने अचलेश्वर महादेव मंदिर से दर्शन के बाद राहुल को 3 घंटे शहर में 12 किलोमीटर घुमाने(रोड शो) का प्लान तैयार किया है। रोड शो के बाद फूलबाग मैदान पर सभा की अनुमति भी जिला प्रशासन से मांगी है। सभा के बाद राहुल रात्रि विश्राम भी यहीं करेंगे और दूसरे दिन श्योपुर के दौरे पर चले जाएंगे।
राहुल गांधी 15 अक्टूबर से विशेष विमान से राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से दतिया जाएंगे। वहां कार्यक्रम के बाद सड़क मार्ग से डबरा पहुंचेंगे और सभा के बाद शाम 6 बजे अचलेश्वर मंदिर से उनका रोड शुरू होगा। इसके तहत अचलेश्वर से दाल बाजार, नया बाजार, कंपू, रॉक्सी पुल, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, फालका बाजार, छप्परवाला पुल, नौगजा रोड, सेवानगर, किलागेट, हजीरा, लोको होते हुए राहुल फूलबाग मैदान पहुंचेंगे जहां वे एक सभा को संबोधित करेंगे। रात 10 बजे सभा खत्म होने के बाद रात में उनका शहर में विश्राम होगा। पूरे कार्यक्रम में सांसद व चुनाव प्रसार अभियान समिति के संयोजक ज्योतिरादित्य सिंधिया उनके साथ रहेंगे। रोड शो के लिए 5 वाहन चार पहिया तथा एक हजार वाहन दो पहिया रहेंगे।
राहुल गांधी पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान यहां आए थे और मेला मैदान में उनकी सभा हुई थी। उसके बाद वे लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी अशोक सिंह के समर्थन में रोड शो करने आए थे। अब 15 अक्टूबर को यहां आकर कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शहर जिला कांग्रेस की शिन्दे की छावनी कार्यालय पर बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय सचिव गोविन्द सिंह राजपूत, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत व उपाध्यक्ष राजेन्द्र भारती मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।