This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

पांढुर्णा में ज्वेलरी शॉप पर चोरों का धावा, लाखों के आभूषण ले उड़े बदमाश

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

पांढुर्णा। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पांढुर्णा के गणेश वार्ड स्थित गुजरी बाजार में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया। इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भारी आक्रोश है, साथ ही इलाके की पुलिस गश्त पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक करीब छह बाइक सवार बदमाशों में से तीन बदमाशों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटे और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बदमाशों ने दुकान के अंदर से लगभग 160 ग्राम सोने और चांदी के आभूषण चुरा लिए। गनीमत यह रही कि वे दुकान का लॉकर तोड़ने में असफल रहे, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया।
घटना के दौरान दुकान संचालक राजेश खरवड़े ने अदम्य साहस का परिचय दिया। राजेश खरवड़े की ओपन हार्ट सर्जरी हो चुकी है, इसके बावजूद उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना बदमाशों का डटकर सामना किया और उनमें से एक को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर लोहे की भारी रॉड से हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया गया, जिसके बाद गंभीर हालत के चलते उन्हें नागपुर के ICU में रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
थाने के पास स्थित इस घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस बड़ी डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए तलाश तेज कर दी है।

---------------------------------------
8 करोड़ की जमीन विवाद में गैंगवार: मृतक कर्मचारी की पत्नी ने मालिक पर लगाए हत्या के आरोप
डबरा। टेकनपुर में 8 करोड़ की जमीन को लेकर हुए गैंगवार में पुलिस जांच ने नया मोड़ ले लिया है। 100 राउंड फायरिंग में मारे गए कर्मचारी संजीव परिहार की हत्या का आरोप अब उसके ही मालिक नवीन शर्मा पर लगा है। मृतक की पत्नी विनीता परिहार ने पुलिस को बताया कि नवीन शर्मा ने जमीन के दुश्मनों को फंसाने के लिए उसके पति को गोली मरवा दी। पुलिस ने इस शिकायत पर नवीन शर्मा सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है वहीं दूसरे पक्ष पर फायरिंग का मामला दर्ज किया जा रहा है।
दअरसल टेकनपुर बस स्टैंड के पास पुरानी रोड की जमीन का है। पुलिस रिकॉर्ड में यह जमीन 2 बीघा दर्ज है, जबकि स्थानीय लोग इसे 5 बीघा बताते हैं। जमीन मूल रूप से डबरा के हरीबाबू गुप्ता की है। इस पर लंबे समय से भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य आलोक शर्मा के भाई नवीन शर्मा काबिज थे और वहां गार्डन चलाते हैं। बाद में श्याम गुर्जर और सोनेराम गुर्जर पक्ष ने इस जमीन को यथास्थिति में खरीद लिया। गुर्जर पक्ष का दावा है कि रजिस्ट्री और नामांतरण हो चुका है, जबकि नवीन शर्मा पक्ष का कहना है कि रजिस्ट्री दूसरी जमीन की है। इसी विवाद में एसडीएम ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।
इसे लेकर गुरुवार को नवीन शर्मा पक्ष के लोग जमीन पर निर्माण के लिए गड्ढे खुदवा रहे थे, तभी श्याम गुर्जर, सोनेराम गुर्जर पक्ष के एक दर्जन से ज्यादा लोग वहां पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक गोलियां चलती रहीं और पूरा हाईवे गोलियों की आवाज से गूंज उठा। दहशत में हाईवे से गुजर रहे लोगों ने वाहन रोक दिए। पुलिस को मौके से गोलियों से छलनी थार जीप और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद हुए।
फायरिंग के दौरान नवीन शर्मा के गार्डन में काम करने वाले संजीव परिहार को पेट में चार गोलियां लगीं। पुलिस उसे गंभीर हालत में ग्वालियर ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिजनों ने विनय गुर्जर, सोनेराम गुर्जर, लालो गुर्जर और बाबा पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में भी लिया था।
लेकिन अब मृतक की पत्नी विनीता परिहार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पति को मालिक नवीन शर्मा ने फोन कर मौके पर बुलाया था। जब दोनों पक्षों के बीच मुख्य फायरिंग बंद हो गई। तब संजीव एक स्कूल के अंदर गया था और उसका बेटा बाहर खड़ा था। तभी अंदर से 4-5 गोलियां चलने की आवाज आई। बेटे ने अंदर जाकर देखा तो संजीव खून से लथपथ पड़ा था। विनीता का आरोप है कि नवीन शर्मा और उसके साथियों ने ही जमीन खरीदने वाले विरोधियों को फंसाने के लिए साजिश के तहत उसके पति की हत्या की है।
एडिशनल एसपी देहात जयराज कुबेर ने बताया कि टेकनपुर चौकी क्षेत्र में क्रॉस फायरिंग हुई थी। मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष द्वारा की गई फायरिंग पर भी अलग से कार्रवाई कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-----------------------------------
MGM मेडिकल कॉलेज की वेबसाइट हैक होने की चर्चा ! वेबसाइट खोलते ही दिखे अश्लील वीडियो
इंदौर। मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित MGM मेडिकल कॉलेज की वेबसाइट को लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, वेबसाइट खोलते ही अश्लील वीडियो दिखाई देने लगे थे। इस घटना के सामने आने के बाद कॉलेज की वेबसाइट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। हालांकि, MGM मेडिकल कॉलेज की ओर से अब तक वेबसाइट हैक होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।मामले की जानकारी सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन वेबसाइट को रिस्टोर करने में जुट गया। बाद में वेबसाइट को रिस्टोर किए जाने की जानकारी भी सामने आई। अब सवाल यह है कि वेबसाइट पर आखिर क्या हुआ था? क्या यह वास्तव में साइबर अटैक था या वेबसाइट में किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण ऐसा हुआ? इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
MGM मेडिकल कॉलेज की वेबसाइट पर अश्लील वीडियो दिखाई देने की जानकारी सामने आने के बाद साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। किसी शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर इस तरह की सामग्री दिखाई देना गंभीर मामला माना जा सकता है।यदि वेबसाइट को किसी ने हैक किया था, तो यह पता लगाना जरूरी होगा कि वेबसाइट तक अनधिकृत पहुंच कैसे बनाई गई और क्या वेबसाइट के डेटा या अन्य डिजिटल संसाधनों पर भी कोई असर पड़ा।हालांकि, अभी तक कॉलेज प्रबंधन की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। इसलिए वेबसाइट हैक होने की बात को फिलहाल सामने आई जानकारी के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन वेबसाइट को दोबारा सामान्य स्थिति में लाने में जुटा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वेबसाइट को रिस्टोर कर दिया गया है।लेकिन वेबसाइट रिस्टोर होना ही पूरे मामले का अंतिम समाधान नहीं है। अगर साइबर अटैक हुआ था, तो उसके कारणों का पता लगाना, सुरक्षा में संभावित चूक की पहचान करना और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए जरूरी कदम उठाना भी महत्वपूर्ण है।
इंदौर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, MGM मेडिकल कॉलेज की ओर से इस मामले में अब तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।राजेश दंडोतिया ने वेबसाइट की सुरक्षा के लिए एंटीवायरस अपडेट रखने और साइबर सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपाय अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
क्या वेबसाइट की सुरक्षा में हुई चूक?
इस घटना ने वेबसाइट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या वेबसाइट पर वास्तव में साइबर अटैक हुआ था?
अगर वेबसाइट हैक हुई, तो सुरक्षा में चूक कहां हुई?
क्या वेबसाइट के सर्वर और सॉफ्टवेयर की सुरक्षा जांच की गई?
वेबसाइट पर अश्लील वीडियो किस तरह दिखाई देने लगे?
क्या वेबसाइट को रिस्टोर करने के साथ उसकी सुरक्षा की भी जांच की गई?
इन सवालों के जवाब कॉलेज प्रबंधन की आधिकारिक प्रतिक्रिया और तकनीकी जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
MGM मेडिकल कॉलेज की वेबसाइट पर अश्लील वीडियो दिखाई देने की जानकारी ने साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ाई है, लेकिन फिलहाल वेबसाइट हैक होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।अब नजर इस बात पर है कि MGM मेडिकल कॉलेज प्रबंधन इस मामले में आधिकारिक तौर पर क्या जानकारी देता है और क्या वेबसाइट की सुरक्षा से जुड़ी किसी चूक की पुष्टि होती है।

© 2017 Your Company. All Rights Reserved. Designed By WarpTheme