This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

थाने में युवक से मारपीटः कमिश्नर ने टीआई समेत 6 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठे हैं। एरोड्रम थाना क्षेत्र में गुंडों से विवाद के बाद अपनी शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे एक युवक के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया और देर रात पुलिस कमिश्नर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी (TI) समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
दरअसल पंकज चौबे नामक एक व्यक्ति का कुछ स्थानीय गुंडों के साथ विवाद हो गया था। इस मामले की शिकायत दर्ज कराने और न्याय की गुहार लगाने के लिए वह देर रात एरोड्रम थाने पहुंचा था। आरोप है कि मदद मांगने के बजाय थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने पंकज चौबे के साथ अभद्रता की और उसके साथ मारपीट कर डाली। थाने में युवक के साथ मारपीट की सूचना जैसे ही बाहर फैली, स्थानीय स्तर पर आक्रोश फैल गया। इसके बाद देर रात भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के समर्थक और बड़ी संख्या में लोग एरोड्रम थाने पहुंच गए और पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया।
मामले की गंभीरता और बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने तुरंत प्रारंभिक जांच के आदेश दिए। जांच में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता और लापरवाही प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद देर रात ही बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। निलंबित किए गए कर्मी: एरोड्रम थाना प्रभारी, एक सब-इंस्पेक्टर (SI) और आरक्षकों सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किन परिस्थितियों में शिकायतकर्ता के साथ थाने के भीतर इस तरह का अमानवीय बर्ताव किया गया।
------------------------------
सर्वपितृ अमावस्या पर रामघाट पहुंचीं इलाही खानः पूर्वजों के साथ बेजुबान जानवरों का किया तर्पण, CJP को बताया ‘तिलचिट्टा’
उज्जैन। सर्वपितृ अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी उज्जैन पहुंचीं सुप्रीम कोर्ट की प्रख्यात अधिवक्ता नाजिया इलाही खान ने शिप्रा नदी के ऐतिहासिक रामघाट पर विधि-विधान से अपने दिवंगत पूर्वजों के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान किया। इस दौरान उनके साथ पुजारी पंडित अजय गुरु ने अनुष्ठान संपन्न कराया। खास बात यह है कि नाजिया ने बकरीद के नाम पर मारे जाने वाले बेजुबान जानवरों के लिए भी अलग से तर्पण और पूजा-अर्चना की, जिसके बाद उन्होंने मन हल्का होने की बात कही। रामघाट पर उनकी यात्रा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
मीडिया से चर्चा के दौरान नाजिया इलाही खान ने सनातन धर्म अपनाने को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह अभी खुद की ‘शुद्धि’ कर रही हैं। जब उन्हें और पंडितों को यह लगेगा कि उनकी शुद्धि पूरी हो चुकी है, तब वह विधिवत सनातन धर्म स्वीकार करेंगी और इसकी सार्वजनिक घोषणा भी करेंगी।
CJP कार्यकर्ताओं को कहा ‘तिलचिट्टा’: न्यूज 24 से चर्चा के दौरान नाजिया ने ‘सिटीजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस’ (CJP) के कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें “तिलचिट्टा” (कॉकरोच) करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग मौसम और समय के हिसाब से बाहर आते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। मुगल शासक औरंगजेब पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय मुसलमानों को भी उसके खिलाफ मुखर होकर आवाज उठानी चाहिए और उसे इस्लाम को बदनाम करने वाला करार देते हुए उसकी निंदा करनी चाहिए।
नवरात्रि और गरबा आयोजनों के मद्देनजर उन्होंने पुलिस प्रशासन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदू त्योहारों के दौरान बेटियों को प्रेम जाल में फंसाकर निशाना बनाते हैं और इस दौरान हत्या कर शवों को फ्रिज में रखने जैसी गंभीर घटनाओं का भी जिक्र किया।
अपने बयानों और तीन तलाक के खिलाफ कानूनी लड़ाई के बाद चर्चा में आई नाजिया ने कहा कि उन्हें किसी भी तरह की धमकियों या विरोध से डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए देश में खुद को पूरी तरह सुरक्षित बताया और धमकी देने वालों को खुली चुनौती भी दी। उज्जैन दौरे के दौरान उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन भी किए।
------------------------------------------
डेयरी की आड़ में काटी जा रही थी गाय: कटे अवशेष मिले, 3 गिरफ्तार, आरोपियों के ठिकाने पर चला बुलडोजर
भोपाल। राजधानी भोपाल के कोलार स्थित दामखेड़ा में डेयरी की आड़ में गोकशी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कथित तौर पर यहां गौवंश के अवशेष बरामद हुए। घटना की सूचना मिलने पर जमकर बवाल हुआ जिसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध डेयरी को ध्वस्त कर दिया।
दरअसल, गब्बर और मुन्ना यादव की डेयरी से गायों को काटे जाने की जानकारी मिलने पर बाद बजरंग दल ने थाने पर विरोध प्रदर्शन किया। घटना के बाद गौ-संरक्षण को लेकर सवाल खड़े होने लगे। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया। नगर निगम और प्रशासन ने गोकशी के आरोपियों के ठिकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई की।
गोकशी के मामले में विधायक रामेश्वर शर्मा ने कठोर कार्रवाई की बात कही थी। पुलिस ने मौके पर तीन लोगो को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य की तलाश जारी है।

© 2017 Your Company. All Rights Reserved. Designed By WarpTheme