This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

चोरी की स्कूटी चला रही थी पुलिस! रेड सिग्नल जंप करते ही फोटो में कैद हुई लेडी कॉन्स्टेबल, ई-चालान देख हैरान हुई मालिक

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

भोपाल। अगर आपकी कोई चीज गुम या चोरी हो जाए तो आप मदद मांगने पुलिस के पास जाएंगे। लेकिन क्या हो अगर वही खाकी आपकी चोरी हुई चीज का इस्तेमाल करते दिखे तो… ऐसा ही एक मामला राजधानी भोपाल से सामने आया है जहां एक नर्सिंग ऑफिसर की चोरी हुई स्कूटी महिला पुलिसकर्मी चलाते दिखाई दी। इसका खुलासा तब हुआ जब उनके पास इसका चालान आया।
दरअसल, एयरपोर्ट रोड निवासी 32 वर्षीय नीलू साहू हमीदिया अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर है। 22 अगस्त की सुबह करीब 8.05 बजे वह अपनी नीले रंग की स्कूटी ( MP 04-YY-5579) से ड्यूटी पर पहुंची थीं। अस्पताल के बाहर स्कूटी खड़ी कर वह कार्यालय चली गई। करीब आधे घंटे बाद लौटने पर देखा तो स्कूटी गायब थी। आसपास तलाश के बाद उन्होंने कोहेफिजा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
उन्होंने यह भी शिकायत में लिखवाया कि स्कूटी पर रखा काले रंग का बैग भी चोरी हो गया था। इसमें आईफोन, सिम कार्ड, पेन ड्राइव, एसबीआई एटीएम कार्ड और कार की डिजिटल चाबी रखी थी। 2026 मॉडल की स्कूटी की कीमत करीब 95 हजार रुपए बताई गई है। मामले में दिलचस्प मोड़ तब आया जब स्कूटी चोरी होने के करीब 11 दिन बाद 2 सितंबर को नीलू के घर ई-चालान पहुंचा।
इसमें रोशनपुरा स्क्वायर पर ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने की जानकारी थी। चालान में लगी तस्वीर देखते ही नीलू ने पहचान लिया कि सिग्नल तोड़ने वाली स्कूटी वही है जो उनके घर से चोरी हुई थी। तस्वीर में स्कूटी चलाने वाली युवती पुलिस की वर्दी में दिखाई दे रही है।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल युवती की पहचान को लेकर है। जांच की जा रही है कि वह पुलिस विभाग में कार्यरत है या उसने पहचान छिपाने के लिए वर्दी पहनी थी। पुलिस ई-चालान के फोटो, रोशनपुरा चौराहे के सीसीटीवी और चोरी के बाद स्कूटी की गतिविधियों की कड़ी जोड़ रही है।

--------------------------------------
एमपी हाईकोर्ट का प्रमोशन में आरक्षण पर अंतरिम फैसला, कहा- 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा न लांघें
जबलपुर. प्रमोशन में आरक्षण को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच ने राज्य सरकार को निर्देश दिए कि कर्मचारियों को प्रमोशन दिया जा सकता है, लेकिन आरक्षण की 50 प्रतिशत निर्धारित सीमा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए.
हाईकोर्ट ने प्रदेश के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि इस मामले या सुप्रीम कोर्ट में लंबित आरबी राय और जरनैल सिंह मामलों में फैसला आने तक प्रमोशन में आरक्षण की 50 प्रतिशत सीमा का सख्ती से पालन हो. सुनवाई के दौरान भोपाल की वेटरनरी सर्जन डॉ. स्वाति तिवारी सहित अन्य की ओर से दायर याचिकाओं पर बहस हुई. याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कर्मचारियों को लगातार प्रमोशन दिए जा रहे हैं. एक बार प्रमोशन मिलने के बाद संबंधित कर्मचारियों को बाद में पदावनत यानी रिवर्ट करना व्यावहारिक रूप से मुश्किल हो जाता है. वरिष्ठ अधिवक्ता ने आरबी राय मामले का हवाला देते हुए कहा कि स्पष्ट कानूनी स्थिति होने के बावजूद अब तक प्रभावित कर्मचारियों को रिवर्ट नहीं किया गया है.
डिवीजन बेंच ने सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक इंद्रा साहनी बनाम भारत संघ फैसले में निर्धारित 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा का उल्लेख किया. कोर्ट ने कहा कि कर्मचारियों को प्रमोशन के लिए विचार किए जाने का अधिकार है, लेकिन आरक्षण की निर्धारित 50 प्रतिशत ऊपरी सीमा का पालन भी जरूरी है. इसे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से पार नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि लंबित मामलों में अंतिम निर्णय आने तक प्रमोशन प्रक्रिया में 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें. मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को होगी. सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सिंह और अतिरिक्त महाधिवक्ता जान्हवी पंडित ने सरकार का पक्ष रखा.
--------------------------------------------
ट्रेन और गाड़ियों की टक्कर से 5 लोगों की मौत, सिंगरौली-छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम में मचा कोहराम
मध्य प्रदेश के 3 जिलों से भीषण हादसे ने कई जिंदगियां छीन ली। अलग-अलग जगह हुए हादसों में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसर गया।
ट्रैक पार करते समय ट्रेन ने चपेट में आए 3 लोग, 2 की मौत
सिंगरौली। जिले के थाना बरगवां अंतर्गत ग्राम कसर में रेलवे ट्रैक पार करते समय 3 लोग चपेट में आ गए जिससे 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि तीसरा शख्स जिला अस्पताल में जिंदगी मौत से जूझ रहा है।
घटना कल रात की है जब बरगवां इलाके के कसर रेलवे गेट के पास 3 लोग ट्रैक पार कर रहे थे। इसी बीच दूसरी दिशा से ट्रेन आ गई और यह खौफनाक हादसा हो गया। दुर्घटना में जगनारायण साहू नामक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। जबकि जगदीश गुर्जर की अस्पताल पहुंचने से पहले सांसें उखड़ गई। तीसरा शख्स बंधु लाल गुर्जर जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।
घटना की खबर मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण और बरगवां टीआई अनिल पटेल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से हॉस्पिटल भिजवाया। बताया जा रहा है पिता-पुत्र, एक साथी के साथ अपनी बेटी को पहुंचाने गांव जा रहे थे। जैसे ही तीनों ट्रैक पर पहुंचे, अचानक ट्रेन आ गई। बेटी थोड़ा पीछे होने से बाल बाल बच गई।
छिंदवाड़ा में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
छिंदवाड़ा। नागपुर रोड स्थित इमलीखेड़ा अंडरपास पर कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
कार किसी वजह से अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। इमलीखेड़ा अंडरपास क्षेत्र में लगातार बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है।
बोलेरो की ठोकर से बाइक सवार 2 युवकों की उखड़ी सांसें
​नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर सेमरीहरचंद में मंगलवार रात 10:30 बजे पुलिया के मोड़ पर हादसा हो गया। बोलेरो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो बाइक समेत सड़क से 5 फीट नीचे उतरकर पलट गई।
हादसे में बाइक सवार चीचली-नरसिंहपुर निवासी चंद्रमोहन कुशवाह और खरचिली-बनखेड़ी निवासी प्रमोद कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ​बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे सोहागपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिया के मोड़ पर तेज रफ्तार और स्पीड कंट्रोल न होने के कारण हादसा हुआ है।​ सेमरीहरचंद चौकी प्रभारी विवेक यादव की टीम ने क्रेन की मदद से बोलेरो को बाहर निकाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

© 2017 Your Company. All Rights Reserved. Designed By WarpTheme