नेपाल। भीषण बाढ़ की तबाही के बीच अब एक और खतरा सामने मंडराने लगा है. चीन ने नेपाल को भीषण बाढ़ के बीच लेंडे नदी के ऊपरी हिस्से में बनी झील के टूटने को लेकर अलर्ट किया है. चीन का कहना है कि झील टूटने पर नदी में अधिकतम 500 घन मीटर प्रति सेकंड पानी आ सकता है. इस झील में 25 लाख घन मीटर पानी जमा है.
नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच चीन ने लेंडे नदी पर बनी झील के कभी भी टूटने की चेतावनी दी है. चीन ने झील से जुड़े खतरे की जानकारी नेपाल के विदेश मंत्रालय के साथ साझा की है. यह झील इसी सप्ताह नेपाल और तिब्बत में आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद बनी है.
चीन ने बताया है कि झील के पानी का रंग लगातार गहरा हो रहा है। इसे इस बात का संकेत माना जा रहा है कि प्राकृतिक बांध कभी भी टूट सकता है. फिलहाल झील से पानी ल्हेंदे खोला और त्रिशूली नदी में बहना शुरू हो गया है, लेकिन अधिकारी बांध की मजबूती पर लगातार नजर रख रहे हैं.
यह झील चीन की तरफ चोचेन नदी और नेपाल की तरफ पुरेपु नदी के संगम के पास बनी है. चीन के जल संसाधन मंत्रालय के मुताबिक, झील में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है. शुक्रवार तक झील में करीब 25 लाख घन मीटर पानी जमा हो चुका था.
खतरे को देखते हुए चीन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है, साथ ही ड्रोन और सैटेलाइट के जरिए पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है. ड्रैगन का कहना है कि नेपाल के ऊपर चीनी क्षेत्र में ल्हेंदे नदी पर एक और बर्फ की झील कभी भी फटने को बेताब है. अगर ग्लेशियर लेक टूटा तो भयंकर तबाही मच सकती है.
-------------------------------------
नेपाल में तबाही के बीच लूट : बाढ़ में बहकर आई तिजोरी से उड़ाए 92 लाख, महिला के शव से निकाली बालियां; 31 गिरफ्तार
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और भारी तबाही के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर जहां हजारों लोग बाढ़ के बाद अपनों की तलाश में जुटे हैं और राहत-बचाव अभियान जारी है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने आपदा को लूट का मौका बना लिया। पुलिस ने बाढ़ में बहकर आई एक तिजोरी तोड़कर करीब 92.68 लाख रुपये निकालने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, बाढ़ में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां चोरी करने के आरोप में दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, भोटेकोशी क्षेत्र में आई बाढ़ में एक तिजोरी बह गई थी। बाद में यह तिजोरी धाडिंग जिले की गलछी ग्रामीण नगरपालिका-4 के बेलखुखोला के पास त्रिशुली नदी के किनारे मिली। सूचना मिली कि कुछ स्थानीय लोगों ने तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक कार्रवाई में 29 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनके कब्जे से 92,68,505 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी गलछी-4 के मस्तर इलाके के रहने वाले हैं। कुछ आरोपी गलछी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमतर से हैं। इसके अलावा चितवन और परसा के कुछ लोग भी जांच के दायरे में हैं, जो फिलहाल धाडिंग में रह रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद रकम का वास्तविक मालिक कौन है और क्या इस घटना में अन्य लोग भी शामिल हैं।
इसी बीच नारायणी नदी से जुड़ी एक और घटना ने लोगों को झकझोर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो व्यक्ति बाढ़ के पानी में बहकर आए एक मृत महिला के शव के कानों से सोने की बालियां निकालते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ से मरने वालों की पुष्टि की गई संख्या बढ़कर 626 हो गई है, जबकि 2,426 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। ऐसे भयावह हालात के बीच लूट और शवों के साथ अमानवीय व्यवहार की घटनाओं ने त्रासदी की गंभीरता और बढ़ा दी है।
-------------------------------
इमरान हाशमी को हुआ स्वाइन फ्लू, H1N1 टेस्ट आया पॉजिटिव
बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी स्वाइन फ्लू (H1N1) से संक्रमित हो गए हैं। हाल ही में शूटिंग के सिलसिले में रांची समेत कई जगहों की यात्रा के बाद उनकी तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। इसके बाद उन्होंने H1N1 का टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
इमरान हाशमी काम के सिलसिले में लगातार यात्रा कर रहे थे। वह हाल ही में रांची भी गए थे। वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत कई दिनों तक ठीक नहीं रही। इसके बाद उन्होंने डॉक्टरों की सलाह पर टेस्ट कराया। रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। खबर लिखे जाने तक इमरान हाशमी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
इमरान हाशमी इन दिनों अपनी फिल्म 'अवारापन 2' को लेकर चर्चा में हैं। साल 2007 में आई फिल्म 'अवारापन' के इस सीक्वल को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। हाल ही में इमरान हाशमी अपनी को-स्टार दिशा पाटनी के साथ मुंबई में फिल्म की स्क्रीनिंग में अचानक पहुंचे थे। इंटरवल के दौरान दोनों ने दर्शकों से बातचीत की और फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स पर अपनी खुशी जाहिर की।
स्क्रीनिंग के दौरान इमरान हाशमी ने दर्शकों से कहा कि यह फिल्म मेकर्स से ज्यादा फैंस की है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वे वापस आए हैं और इस बार कहानी में ज्यादा एक्शन और इमोशन जोड़े गए हैं। जब एक फैन ने फिल्म के सुपरहिट होने की बात कही तो इमरान ने जवाब दिया, 'फिल्म अभी बाकी है, सेकंड हाफ बेहतर है।'
इमरान हाशमी ने फिल्म की अगली कड़ी को लेकर भी संकेत दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दर्शकों को पूरी फिल्म पसंद आएगी। इसके साथ ही उन्होंने 'अवारापन 3' के जल्द आने की उम्मीद भी जताई।
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी 'अवारापन 2' को विशाल फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आ रहे हैं। कहानी में एक इंटरपोल अधिकारी शिवम से अगवा किए गए बच्चों को बचाने के मिशन में मदद मांगता है। फिल्म में चाइल्ड ट्रैफिकिंग, बदला और प्रायश्चित जैसे मुद्दों को दिखाया गया है। फिल्म में दिशा पाटनी ने जारा का किरदार निभाया है, जबकि शबाना आजमी नफीसा के रोल में हैं। फिल्म की सपोर्टिंग कास्ट में सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली और पूरन गब्बी भी शामिल हैं।
प्रमुख समाचार


