भोपाल। राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में एक युवक की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। BHEL गेट नंबर-8 के पास झाड़ियों में अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शव की हालत बेहद खराब थी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं, बताया जा रहा है कि मृतक के गुप्तांग पर भी चोट/कटे होने की बात सामने आई है। हालांकि, इन परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक कौन था और वह यहां तक कैसे पहुंचा। हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद संभावित साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत के राज से पर्दा उठ सकेगा।
---------------------------------------
सरकारी बाबू के घर छापा, 8 करोड़ की कमाई का खुलासा; सोना-चांदी और लग्जरी सामान बरामद
जबलपुर। मध्य प्रदेश ग्रामीण विकास बैंक का बाबू (क्लर्क) सुभाष शर्मा करोड़ों की काली कमाई का आसामी निकला। घर से आधा किलो सोना और सवा किलो चांदीबरामद हुई है। 1 करोड़ की ज्वेलरी के साथ घर पर लग्जरी आइटम भी मिले है। बैंकों से ट्रांजैक्शन डिटेल मांगी जा रही है। फिलहाल लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है। जांच पड़ताल के बाद बड़ा खुलासा होने की संभावना है।
दरअसल, दो दिन पहले लोकायुक्त पुलिस ने मध्य प्रदेश ग्रामीण विकास बैंक के बाबू (क्लर्क) सुभाष शर्मा के ठिकानों पर तड़के छापा मारा था। त्रिमूर्ति नगर स्थित मुख्य मकान और उनके फार्म हाउस पर एक साथ दबिश दी थी। अचानक हुई इस कार्रवाई से बैंक कर्मचारी के घर में हड़कंप मच गया था।
लोकायुक्त की कार्रवाई में अब तक 8 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ है। फार्म हाउस सहित अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि क्लर्क सुभाष ने पत्नी शीला शर्मा के नाम पर भी जमीन और मकान खरीदी है। आपको बता दें कि आरोपी सुभाष शर्मा सिवनी ग्रामीण विकास बैंक में पदस्थ है। अधिकारियों का अनुमान है कि कार्रवाई पूरी होने तक कई और अघोषित संपत्तियों तथा बड़े बैंक खातों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल लोकायुक्त की जांच पड़ताल जारी है।
--------------------------------------
राजधानी में बीजेपी विधायक के बंगले में सेंध: स्पेशल डीजी के घर के सामने चोरी
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी इलाके की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक अजय विश्नोई के बंगले में चोरी की वारदात हुई। बताया जा रहा है कि स्पेशल डीजी अजय शर्मा के घर के सामने बेखौफ चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। तीन-चार दिन पहले भी इसी इलाके में एक अधिकारी के सूने मकान में चोरी हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी भोपाल में स्थित पूर्व मंत्री व बीजेपी विधायक अजय विश्नोई के बंगले में चोरों ने सेंधमारी की। जहां चोरी हुई उसके सामने स्पेशल डीजी अजय शर्मा का घर स्थित है। बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद वीआईपी इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे है।
आपको बता दें कि राजधानी भोपाल का चार इमली क्षेत्र वीआईपी इलाका है। जहां वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, नेताओं और अन्य वीआईपी लोगों के घर हैं। इसके बावजूद इलाके में चोरी की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था के लिए बेहद चिंता का विषय है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी चार इमली इलाके में चोरी की घटना हुई थी। इतना ही नहीं इससे पहले भी में आईजी इंटेलिजेंस के आवास के आसपास भी लूट की घटना सामने आ चुकी है।



