This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

बिजली बंद करने पर लाइनमैन को घर में बंद कर पीटा, बाहर निकालकर बरसाए लात-घूंसे

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

मध्य प्रदेश के मैहर विद्युत वितरण क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हरदासपुर गांव में बिजली बंद करने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक वारदात में बदल गया। आरोप है कि तीन दबंगों ने बिजली विभाग के एक लाइनमैन को पहले घर के अंदर बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा, फिर उसे बाहर घसीटकर लात-घूंसों की बरसात कर दी। इस बर्बर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मैहर के हरदासपुर में बिजली लाइन बंद करने को लेकर लाइनमैन और स्थानीय लोगों के बीच बहस हुई थी। बात इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने कर्मचारी को जबरन घर के अंदर बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद भी जब मन नहीं भरा तो उसे सड़क पर निकालकर फिर पीटा गया। इस हमले में लाइनमैन को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद बिजली कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। पीड़ित लाइनमैन की शिकायत पर मैहर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि विवाद की असल वजह की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

--------------------------------------------
बड़ी खबरः बाल संप्रेषण गृह से भागे 7 बाल अपचारी, सुरक्षाकर्मी से मारपीट कर तोड़ा गेट
रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम स्थित बाल संप्रेषण गृह से बीती रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बंद 7 बाल अपचारी (बाल कैदी) सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर और मुख्य गेट तोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 बाल अपचारियों को दबोच लिया है, जबकि 1 की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात की है। बाल संप्रेषण गृह में तैनात सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर सभी 7 बाल अपचारी जबरन गेट तोड़कर बाहर भाग निकले। घटना के तुरंत बाद जिले भर में नाकाबंदी कर तलाश शुरू की गई। मामले की गंभीरता इसलिए भी अधिक है क्योंकि भागे गए सभी बाल अपचारी हत्या, हत्या के प्रयास और बलात्कार (पॉक्सो) जैसे संगीन और गंभीर अपराधों के मामलों में संप्रेषण गृह में निरुद्ध (बंद) थे।
घटना की सूचना मिलते ही जिले की नामली थाना पुलिस ने त्वरित घेराबंदी की और 6 बाल अपचारियों को दस्तयाब (हिरासत में) कर लिया। फरार 1 अन्य बाल अपचारी की तलाश में पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बाल संप्रेषण गृह से इतनी बड़ी संख्या में बाल अपचारियों के भागने की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार और शहर SDM प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
--------------------------------------
विदेशी नंबर से धमकी देकर मांगे 50 लाख, पार्षद पति से पूछताछ, बेटे से भी होगी पूछताछ
इंदौर शहर में विदेशी नंबर से धमकी भरा फोन कर 50 लाख रुपए मांगने के मामले में खजराना पुलिस ने शनिवार को कांग्रेस पार्षद पति शेख अलीम से छह घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए युवक मिकाइल शेख ने पूछताछ के दौरान पार्षद पति और उनके बेटे शेख अली के कहने पर धमकी भरे फोन करने की बात कही थी। पुलिस अब पार्षद पति के बेटे से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।
टीआइ मनोज सिंह सेंधव के मुताबिक पीड़ित अब्दुल रहीम ने कुछ माह पहले थाने में अवैध वसूली और धमकी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक उसे विदेशी नंबर से फोन कर 50 लाख रुपए की मांग की गई थी। फोन करने वाले ने धमकी दी थी कि उसके घर और परिवार के फोटो-वीडियो उनके पास है। रकम नहीं देने पर उन्हें प्रसारित करने की धमकी दी गई थी।
पुलिस ने विदेशी नंबर से आए कॉल की तकनीकी जांच शुरू की और इसके आधार पर मिकाइल शेख को पकड़ा। पूछताछ में उसने फोन करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक मिकाइल पहले आजाद नगर क्षेत्र में रहता था। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि उसने पार्षद पति शेख अलीम और उनके बेटे शेख अली के कहने पर पीड़ित को धमकी भरे फोन किए थे। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि पीड़ित अब्दुल रहीम और शेख अलीम आपस में रिश्तेदार हैं। पुलिस अब इस संबंध में सामने आए आरोपों और मिकाइल के बयानों की अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है।
पुलिस ने शनिवार को शेख अलीम को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। उनसे छह घंटे से अधिक समय तक मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल किए गए। पुलिस के अनुसार फिलहाल जांच जारी है और मिकाइल के बयानों की पुष्टि के लिए अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शेख अली से पूछताछ होना अभी बाकी है। पुलिस उसे भी पूछताछ के लिए बुलाएगी।

© 2017 Your Company. All Rights Reserved. Designed By WarpTheme