This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

एमपी में फर्जी डॉक्टर ने सरकार को लगाया 64 लाख का चूना, एक साथ तीन जिलों में करता रहा नौकरी

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 

शहडोल। मध्यप्रदेश में फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला सामने आया है। शहडोल के जयसिंहनगर विकासखंड स्थित उफरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ तथाकथित डॉक्टर महेश चंद शर्मा के रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद एक-एक कर चौंका देने वाले खुलासे हो रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि तथाकथित फर्जी डॉक्टर एक ही समय में प्रदेश के तीन जिलों में नौकरी कर रहा था और वेतन ले रहा था। जानकारी के मुताबिक वो अब तक तीनों जिलों में मिलाकर 64 लाख रुपये के करीब वेतन ले चुका है।
मध्यप्रदेश के शहडोल, खरगोन और श्योपुर तीनों जिलों में डॉक्टर महेश चंद शर्मा की अलग-अलग कर्मचारी आईडी, अलग-अलग पैन नंबर और अलग-अलग आधार संबंधी विवरण दर्ज थे, लेकिन एनएचएम और स्वास्थ्य विभाग की जांच प्रणाली इस फर्जीवाड़े को वर्षों तक पकड़ नहीं सकी। शुरुआती आंकलन के अनुसार आरोपी ने वेतन के रूप में सरकार को करीब 64 लाख रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने प्रत्येक जिले में अलग-अलग दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति हासिल की। सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहडोल में आधार का अधूरा नंबर जमा होने के बावजूद नियुक्ति कैसे मिल गई और दस्तावेजों का सत्यापन किस स्तर पर हुआ।
शहडोल : ज्वाइनिंग 9 फरवरी 2024 एम्प्लॉई आईडी एनएचएम 331906 व पैन नंबर सीवायडब्ल्यूपीसी 6248 एल व आधार नंबर 30801691904 दर्ज हैं।
खरगोन : ज्वाइनिंग 14 फरवरी 2023 एम्प्लॉई आईडी एनएचएम 326860 व पैन नंबर आइबीएपीएम 7895 जी दर्ज है।
श्योपुर : ज्वाइनिंग 1 जून 2021 एम्प्लॉई आईडी एनएचएम 281676 व पैन नंबर ओइटीपीएस 6180 ई व आधार नंबर 230801691904 दर्ज है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार आरोपी उफरी स्वास्थ्य केंद्र में शायद ही कभी दिखाई देता था। वह सार्थक ऐप के माध्यम से जिले और कई बार प्रदेश की सीमा से बाहर रहकर भी अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा देता था। ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारियों के औचक निरीक्षण में भी वह कई बार अनुपस्थित मिला, जिसके कारण नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी को तीनों जिलों से प्रतिमाह लगभग 50 से 55 हजार रुपए मानदेय मिलता था। अनुमानित भुगतान इस प्रकार है-
श्योपुर से लगभग 30 लाख रुपए
खरगोन से करीब 20 लाख रुपए
शहडोल से लगभग 14 लाख रुपए
इस प्रकार आरोपी ने तीनों जिलों से मिलाकर करीब 64 लाख रुपए का सरकारी भुगतान प्राप्त किया।
मामले पर संज्ञान लेते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने शहडोल प्रवास के दौरान सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी की सेवा समाप्त करने के साथ उसके द्वारा लिए गए पूरे वेतन की वसूली की जाएगी और उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। साथ ही उन अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होगी, जिन्होंने दस्तावेजों का सत्यापन किए बिना नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की, ऑनलाइन उपस्थिति पर निगरानी नहीं रखी और समय रहते अनियमितताओं की जानकारी उच्च अधिकारियों तक नहीं पहुंचाई।

--------------------------------------
इंद्रदेव को मनाने का अनोखा टोटका : गधों को खिलाए गए गुलाब जामुन, 44 जिलों में बारिश का अलर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की सुस्ती अब लोगों की चिंता बढ़ाने लगी है। खेतों में पानी का इंतजार है, शहरों में उमस लोगों को परेशान कर रही है और किसान आसमान की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। इसी बीच राजधानी भोपाल में बारिश की कामना के लिए लोगों ने एक अनोखी लोक परंपरा निभाई। गधों को गुलाब जामुन खिलाकर इंद्रदेव से अच्छी बारिश की प्रार्थना की गई। दूसरी ओर मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है।
मानसून की बेरुखी के बीच भोपाल के कोलार रोड और चूनाभट्टी क्षेत्र में लोगों ने सालों पुरानी लोक परंपरा निभाई। यहां गधों को गुलाब जामुन खिलाकर अच्छी बारिश की प्रार्थना की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब समय पर बारिश नहीं होती, तब यह प्रतीकात्मक परंपरा निभाई जाती है। मान्यता है कि इससे इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और अच्छी वर्षा होती है। लोगों ने गधों को मिठाई खिलाने के साथ किसानों की खुशहाली और प्रदेश में झमाझम बारिश की कामना भी की।
स्थानीय लोगों के अनुसार गधा शीतला माता का वाहन माना जाता है। मान्यता है कि जब उनके वाहन को मिठाई खिलाई जाती है तो माता प्रसन्न होती हैं और इंद्रदेव अच्छी वर्षा करते हैं। मालवा और निमाड़ क्षेत्र के कई गांवों में यह परंपरा लंबे समय से निभाई जाती रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) भोपाल के अनुसार शनिवार को प्रदेश के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। डिंडौरी और उमरिया में भारी बारिश होने की संभावना है।
भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, विदिशा, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
वहीं श्योपुर, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन, आगर-मालवा, रतलाम, नीमच और मंदसौर में धूप और उमस का असर बना रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके साथ सक्रिय ट्रफ और 19 जुलाई से पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी प्रभावी होगा। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, जैसे-जैसे यह सिस्टम मजबूत होगा, प्रदेश में बारिश की गतिविधियां भी तेज होती जाएंगी। अगले चार दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
शुक्रवार को करीब नौ दिनों के बाद उमरिया, डिंडौरी, बालाघाट समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में भी बूंदाबांदी हुई। प्रदेश में फिलहाल निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने के कारण मौसम बदला हुआ है।
-------------------------------------
सूदखोरों का आतंकः कर्जदार की मौत के बाद जमानतदार का अपहरण, 4 आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर। उधारी के पैसों की वसूली को लेकर सूदखोरों की दबंगई का मामला सामने आया है। सिरोल थाना क्षेत्र में मृत कर्जदार के कथित जमानतदार पर पहले जानलेवा हमला किया गया,फिर उसके दोस्त का कार में अपहरण कर लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और करीब डेढ़ घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में एक मास्टरमाइंड,एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल सिरोल थाना पुलिस TI गोविंद बगोली के मुताबिक पीड़ित विवेक किरार के दोस्त यश सोलंकी ने करीब दो साल पहले आरोपी शिवम गुर्जर से 40 हजार रुपए उधार लिए थे। यश गोहद के पास ढाबा चलाता था, लेकिन करीब डेढ़ साल पहले सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। आरोप है कि यश की मौत के बाद शिवम गुर्जर लगातार विवेक से उधार की रकम मांग रहा था और उसे जमानतदार बताकर दबाव बना रहा था,पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने सिरोल हाईवे पर उसे घेरकर मारपीट की।
विरोध करने पर उसके साथी को जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस ने जिलेभर में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की और करीब डेढ़ घंटे के भीतर अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड शिवम गुर्जर समेत एक नाबालिग और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का सूदखोरी का नेटवर्क और किन लोगों से जुड़ा हुआ है।
--------------------------------------

© 2017 Your Company. All Rights Reserved. Designed By WarpTheme