गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। महमूदपुरा इलाके में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने और धमाका होने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वस्त्राल के पास रामोल-गतराद रोड स्थित टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में दोपहर के समय अज्ञात कारणों से आग लगी। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पटाखे होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और जोरदार धमाका हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अमित डोगरे ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां कई लोगों का इलाज जारी है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह के अनुसार, इस पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था। इसके बावजूद यहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और संचालन जारी था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट और नगर निगम आयुक्त बच्छा निधि पानी मौके पर पहुंचे। महापौर ने बताया कि फैक्ट्री झोपड़ीनुमा ढांचे में संचालित हो रही थी। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल, पुलिस आग लगने के कारणों और फैक्ट्री के अवैध संचालन की जांच कर रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
----------------------------------------
राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला: ‘सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाना गलत’, छात्रों के मुद्दों पर भी घेरा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहली बार सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने जंतर-मंतर से वांगचुक को हटाने की कार्रवाई को गलत बताते हुए मोदी सरकार पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दबाने का आरोप लगाया।
शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन स्थल से सोनम वांगचुक को हटाया और उन्हें वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) ले जाकर भर्ती कराया। बाद में उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा, “मोदी सरकार के मुख्य सिद्धांत असत्य और हिंसा हैं। सोनम वांगचुक जी को जंतर-मंतर से हटाना, जबकि वे अहिंसक भूख हड़ताल पर थे, गलत है।”
उन्होंने आगे कहा कि पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत और छात्रों की आत्महत्या जैसे मुद्दे देश के भविष्य से जुड़े गंभीर सवाल हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार इन मुद्दों पर आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन “कोई भी ताकत भारत के छात्रों और हममें से उन लोगों को, जो उनसे प्यार करते हैं और उनमें विश्वास रखते हैं, इन मुद्दों को उठाने से नहीं रोक सकती।”
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद इस मुद्दे ने राजनीतिक रंग ले लिया है। विपक्षी दल सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगा रहे हैं, जबकि प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को देखते हुए सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाया गया। राहुल गांधी की यह पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब सोनम वांगचुक का प्रदर्शन और छात्रों से जुड़े मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
---------------------------------
गुजरात ATS ने JeM के स्लीपर सेल का किया भंडाफोड़, 13 संदिग्धों को किया गिरफ्तार
गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक खतरनाक घरेलू स्लीपर सेल का भंडाफोड़ किया है. राज्य के अलग-अलग जिलों से अब तक 13 आतंकियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आरोपी पिछले दो वर्षों से गन पाउडर और अन्य सामान की मदद से विस्फोट का ट्रायल कर रहे थे. इस सिलसिले में कई गिरफ्तारियां हुई हैं.
पाकिस्तान के बहावलपुर में स्थित जैश मुख्यालय से संचालित इन लड़कों (20 से 24 वर्ष की उम्र के लड़कों) को गंभीर रूप से ब्रेनवॉश किया. IED बनाने की ट्रेनिंग और पूरे आतंकी नेटवर्क के चौंकाने वाले सबूत ATS को मिले हैं.
गुजरात ATS ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से प्रभावित एक बड़े मॉड्यूल का खुलासा किया है जो पिछले दो वर्षों से गन पाउडर और अन्य विस्फोटक सामग्री जुटाकर धमाके की रिहर्सल कर रहे थे. कुछ लोग आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की विचारधारा से प्रभावित होकर दारूल उलूम गुजरात के नाम पर लोगों को जोड़ने का काम कर रहे थे.
इस मॉड्यूल के तार पाकिस्तान के बहावलपुर स्थित जैश के हेडक्वार्टर है और यही से Gen-Z और मदरसा छात्रों को ऑनलाइन ब्रेनवॉश किया जा रहा था. आज का आतंकवाद सीमा पार से नहीं, बल्कि स्मार्टफोन के जरिए घुसपैठ कर रहा है. इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की फॉरेंसिक जांच से पता चला है कि पाकिस्तानी आका इंटरनेट के जरिए स्थानीय युवाओं के संपर्क में थे.
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अमीन शेरा इस मॉड्यूल का मुख्य ‘रेडिकलाइजर’ (कट्टरपंथी बनाने वाला) था. वह अन्य सदस्यों को मसूद अजहर के भड़काऊ भाषण, वीडियो और जिहादी साहित्य भेजा करता था. आरोपियों के पास से 43 ई-बुक्स और एक खतरनाक किताब ‘अकेला मुजाहिद जेहाद कैसे करे’ बरामद हुई है.
भारतीय एजेंसियों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में बहावलपुर स्थित जैश के ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा था. इसके बाद जैश ने अपनी रणनीति बदलते हुए गुजरात को चुना. एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, जैश अगले कुछ सालों में भारत के भीतर लोन वुल्फ (अकेले हमला करने वाले) आतंकियों की एक पूरी फौज खड़ी करना चाहता है.
प्रमुख समाचार

