This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

गुना से 3 करोड़ का डोडा-चूरा लेकर भाग रहे तस्कर ने बाइक सवारों को कुचला, दो की मौत, एक घायल

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

गुना ।(गरिमा टीवी न्यूज़) गुना में उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब नारकोटिक्स विभाग की टीम से बचकर भाग रहे तस्कर ने कार से बाइक सवार दंपति को कुचल दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई। नारकोटिक्स की टीम ने डोडा चूरा से भरे हुए एक ट्रक को पकड़ा और ट्रक के आगे एक कार एस्कॉर्ट कर रही थी।जब कार चालक को ट्रक पकड़े जाने की बात पता चली, तो उसने तुरंत भागने की सोची, जिससे एक्सीडेंट हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार गुना जिले से पांच किलोमीटर दूर मावन क्षेत्र में अशोकनगर स्टेट हाईवे के पास एक हुंडई कार की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद करीब 3 से 4 साल का बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक्सीडेंट के बाद कार रुकी नहीं और गोवर्धन कुशवाहा के घर से टकरा गई, जिससे उन्हें भी चोटें आईं और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एडिशनल एसपी गुना प्रशांत सिंह सुमन ने बताया कि नारकोटिक्स विभाग की एक टीम पहले से ही एक ट्रक का पीछा कर रही थी, जिस पर विभाग की नजर थी।हादसे का शिकार बनी हुंडई वरना कार उसी ट्रक की पायलटिंग कर रही थी, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। जांच में सामने आया कि हुंडई कार पर अलग-अलग नंबर की नंबर प्लेटें लगी मिलीं, जिसकी नारकोटिक्स टीम जांच कर रही है।
पीछा करने के दौरान नारकोटिक्स टीम ने ट्रक को कैंट थाना क्षेत्र में पकड़ लिया। ट्रक चालक ने पूछताछ में बताया कि उसमें करीब 25 क्विंटल डोडा चूरा लदा हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत नारकोटिक्स टीम के आकलन के अनुसार करीब 3 करोड़ रुपए है।
एडिशनल एसपी सुमन ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है और नारकोटिक्स टीम उससे पूछताछ कर रही है। वहीं हुंडई कार में सवार दो लोगों में से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। कार से एक बैग बरामद हुआ है, जिसे नारकोटिक्स टीम को सौंप दिया गया है।जांच में सामने आया कि ट्रक अशोकनगर हाईवे से पकड़ा गया और राजस्थान की ओर जा रहा था।

© 2017 Your Company. All Rights Reserved. Designed By WarpTheme