गुना।(गरिमा टीवी न्यूज़) गुना अनुविभागीय अधिकारी आरोन सुश्री मंजूषा खत्री के मार्गदर्शन में राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने सिविल अस्पताल आरोन के बीएमओ डॉ. अविनाश रघुवंशी के नेतृत्व में आरोन स्थित निजी स्वास्थ्य संस्थानों की जांच कर नियम विरुद्ध संचालित पाए जाने पर कार्रवाई की।
जांच के दौरान भोपाल मल्टी केयर हॉस्पिटल में उपस्थित कर्मचारी संचालन संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही निरीक्षण के समय अस्पताल में कोई भी चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पंचनामा तैयार कर अस्पताल को सीलबंद कर दिया गया। इसी परिसर में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर को भी टीम ने सीलबंद कर दिया। साथ ही इंदौर पैथोलॉजी लैब की जांच में भी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए।
निरीक्षण के दौरान लैब बंद मिली, जिसके बाद पंचनामा तैयार कर सूचना चस्पा करते हुए लैब को भी सीलबंद किया गया। कार्रवाई के दौरान सिविल अस्पताल आरोन से डॉ. रामलखन पिप्पल, डॉ.
धर्मेंद्र जाट सहित अस्पताल स्टाफ, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अमित जैन, राजस्व निरीक्षक ब्रजेंद्र सिंह बरैया तथा थाना आरोन का पुलिस बल उपस्थित रहा।
------------------------------
पुरानी साइकिल फैक्ट्री क्षेत्र फिर बनेगा औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र
गुना एबी रोड स्थित वर्षों से बंद पड़ी पुरानी साइकिल फैक्ट्री परिसर को पुनः औद्योगिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्टर ने शुक्रवार को परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को विकसित किए जाने से नए उद्योगों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि यह परिसर कभी गुना की पहचान रही साइकिल फैक्ट्री का हिस्सा था, जहां वर्षों तक साइकिल असेंबली का कार्य होता रहा। वर्तमान में यह परिसर लंबे समय से बंद है। उन्होंने उपलब्ध भवनों एवं अन्य संरचनाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि यहां पर्याप्त भूमि एवं आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता को देखते हुए इसे एक सुव्यवस्थित स्मॉल इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
कलेक्टर ने बताया कि परिसर में फूड प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नए उद्योग स्थापित होने से स्थानीय व्यापारियों को बेहतर अवसर मिलेंगे, कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडेय, उद्योग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-------------------------------
खाद्य विभाग द्वारा होटल-रेस्टोरेंटों की जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई
गुना जिले में मिलावट के विरुद्ध अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की निरंतर जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुशमौदा चौकी, एबी रोड स्थित ढाबा डाइन इन डी-2 रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर पनीर, मावा एवं सब्जी ग्रेवी के नमूने लिए। इसी प्रकार होटल द ग्रांड कस्तूरी से पनीर, दही एवं टमाटर ग्रेवी तथा होटल अशोका पार्क व्यू से पनीर, ग्रेवी, सोयाबीन तेल एवं तुअर दाल के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री का उचित भंडारण करने तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं ताजा खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गुना सिटी

