This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

ISI मॉड्यूल से जुड़े MP के तीन युवक गिरफ्तार: मंदिर की पाकिस्तान को भेजी जा रही थीं संवेदनशील तस्वीरें

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मध्यप्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार कर एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में थे और दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे के एक प्रसिद्ध ढाबे तथा हरियाणा के सैन्य कैंप को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीकमगढ़ जिले के नेगुवां गांव निवासी अनमोल राय (24), ग्वालियर के डबरा निवासी राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की टीम ने तीनों को उनके गांवों से गिरफ्तार कर दिल्ली ले गई।
स्पेशल सेल के एसीपी पीएस कुशवाहा के अनुसार शुरुआती जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से कई संदिग्ध ई-मेल और विदेशी नंबरों से संपर्क के सबूत मिले हैं। ऑडियो और वीडियो कॉल रिकॉर्ड्स से भी संदिग्ध बातचीत की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली और हरियाणा के संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स तक भेजे गए थे। अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों को इस काम के बदले क्या आर्थिक या अन्य मदद मिली थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरफ्तार युवकों में से एक ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी। मंदिर परिसर और वहां तैनात पुलिस व अर्धसैनिक बलों की तस्वीरें पाकिस्तान भेजी गई थीं। पुलिस का दावा है कि मॉड्यूल की योजना मंदिर परिसर में हमला कर दहशत फैलाने की थी। इसके लिए फायरिंग और अन्य हमलों की रणनीति तैयार की जा रही थी।
स्पेशल सेल की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को दिल्ली-सोनीपत हाईवे स्थित एक बड़े ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने का टास्क दिया गया था। यह ढाबा रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाला स्थान माना जाता है। जांच एजेंसियों का मानना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके को निशाना बनाकर बड़े स्तर पर नुकसान और जनहानि की साजिश थी।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के हिसार स्थित एक सैन्य कैंप की भी रेकी की गई थी। आरोपियों ने कैंप और आसपास के इलाकों के वीडियो रिकॉर्ड कर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि उत्तर प्रदेश के कुछ थाने भी मॉड्यूल के निशाने पर थे।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के तहत अलग-अलग राज्यों से शाहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े 9 संदिग्ध ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया था। इन्हीं से पूछताछ के दौरान मध्यप्रदेश के तीन युवकों की भूमिका सामने आई। अब जांच एजेंसियां मॉड्यूल की फंडिंग, सीमा पार कनेक्शन और अन्य नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।

-------------------------------------
‘जेंटलमैन’ चोरों का भंडाफोड़ः ट्रेन में मेहंदी रचाकर सफर करने वाली महिलाएं होती थी टारगेट
ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में रेल यात्रियों के लिए सफर करना अब जोखिम भरा होता जा रहा है। खासकर उन महिलाओं के लिए जो अच्छे कपड़े पहनकर और हाथों में मेहंदी रचाकर सफर कर रही हैं। ग्वालियर GRP पुलिस ने एक ऐसे ही अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ‘जेंटलमैन’ बनकर ट्रेनों में चढ़ते थे और पलक झपकते ही गहनों पर हाथ साफ कर देते थे। पुलिस ने इस गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर लाखों का माल बरामद किया है।
दरअसल, ट्रेनों में चोरी की बढ़ती वारदातों ने रेलवे पुलिस की नींद उड़ा रखी थी। ग्वालियर से गुजरने वाली ट्रेनों में लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए GRP के वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष टीमें गठित की थीं। जब पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिरों का जाल बिछाया, तो उत्तर प्रदेश के एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का नाम सामने आया।
पुलिस की गिरफ्त में आए इन चार चोरों ने पूछताछ में जो खुलासे किए, वो चौंकाने वाले हैं। यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देता था।इनके निशाने पर ऐसी महिला यात्री रहती थी जिनके हाथों में मेहंदी लगी हो या जिन्होंने महंगे कपड़े और जेवर पहने हों। चोर खुद भी अच्छे और महंगे कपड़े पहनकर ‘जेंटलमैन’ की तरह ट्रेन में सवार होते थे ताकि किसी को शक न हो।
जैसे ही किसी का बैग या जेवर पार करते, अगले ही स्टेशन पर उतरकर रफूचक्कर हो जाते थे।पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने लाखों रुपये कीमत के सोने के जेवर और नकदी बरामद की है। जांच में पता चला है कि इस गैंग के दो सदस्यों पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में चोरी, NDPS और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं और उन्होंने अब तक कुल कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
-----------------------------------
शराब दुकान पर बवाल, कर्मचारियों की पिटाई से दो युवकों की मौत; गुस्साई भीड़ ने लगाई आग
सागर जिले के शाहपुर में शराब दुकान के कर्मचारियों की कथित मारपीट से दो युवकों की मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा हो गया। गुस्साए लोगों ने शराब दुकान में आग लगा दी और सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। हालात बिगड़ने पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक शाहपुर स्थित शराब दुकान पर नीरज प्रजापति और उसके एक साथी का कर्मचारियों से विवाद हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों ने दोनों युवकों के साथ जमकर मारपीट कर दी। मारपीट में नीरज प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
दूसरे युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव बढ़ गया। परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने शराब दुकान को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते दुकान से ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना मिलने पर नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
हालात को देखते हुए शाहपुर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद काफी देर बाद सड़क जाम खुलवाया जा सका। पुलिस ने शराब दुकान के कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।