गुना। (गरिमा टीवी न्यूज़) चाचौडा थाना अंतर्गत बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजयप्रताप सिंह एवं उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोन्याकला में घटित हत्या के प्रकरण में कार्यवाही करते हुए प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई है ।
फरियादी कृष्णगोपाल मीना, निवासी ग्राम तुलसीखेड़ी द्वारा थाना चाचौड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 03 अप्रैल 2026 को वह अपने मित्र गिरीश मीना के साथ अपनी अल्टो कार से ग्राम कोन्याकला गया था । ग्राम कोन्याकला स्थित स्कूल के पास आरोपीगण चंदू मीना, रामविलास मीना, मनीष मीना एवं गोविन्द मीना निवासीगण ग्राम कोन्याकला वहां आए और गिरीश मीना को पकड़कर गालियां देते हुए मारपीट करने लगे । आरोपियों द्वारा फरियादी को भी धमकाया गया कि यदि वह नहीं भागा तो उसके साथ भी मारपीट की जाएगी, जिस पर वह डर के कारण अपनी कार लेकर वहां से चला गया ।
इसके पश्चात आरोपियों द्वारा गिरीश मीना के साथ गंभीर मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं । घटना के बाद गिरीश मीना को उपचार हेतु बीनागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई । उक्त रिपोर्ट के आधार पर चाचौड़ा थाने में आरोपीगण चंदू मीना, रामविलास मीना, मनीष मीना एवं गोविन्द मीना के विरुद्ध अपराध क्रमांक 90/2026 धारा 103(1), 296(ए), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
07 अप्रैल 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर दो आरोपी मनीष पुत्र नैनकराम मीना एवं रामविलास पुत्र नैनकराम मीना निवासीगण ग्राम कोन्याकला थाना चाचौडा, जिला गुना को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है । प्रकरण में फरार शेष आरोपियों की तलाश जारी है ।
चाचौडा थाना पुलिस की इस तत्पर और प्रभावी कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द गौर के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, आरक्षक शुभम मिश्रा, आरक्षक विकास राजावत, आरक्षक संजय सोलंकी एवं आरक्षक राजू रजक सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक का विशेष योगदान रहा है ।
गुना सिटी





