This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

शादी में खूनी संघर्ष: काका ने भतीजे पर चलाया तीर, पेट के अंदर घुसा, रेफर

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक शादी समारोह के दौरान पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान काका ने अपने भतीजे पर तीर चला दिया, जो उसके पेट के अंदर घुस गया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया है। फिलहाल उसे इलाज के लिए गुजरात रेफर किया गया है।
यह पूरा मामला ग्राम सूखी बावड़ी का है। बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान परिवार के दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। इसी दौरान बीच-बचाव करने आए युवक रवि सस्तीया पर उसके ही काका कमल सस्तीया ने तीर चला दिया। तीर सीधे रवि के पेट में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल रवि को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां वह पेट में तीर लगे होने की स्थिति में ही भर्ती हुआ। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे गुजरात के दाहोद रेफर किया। जहां उसका इलाज जारी है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी काका को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

------------------------------------
बेखौफ रेत माफिया: मुरैना में ट्रैक्टर ट्रॉली से वनकर्मी का सिर कुचला, मौके पर मौत
मुरैना। मध्य प्रदेश के चंबल अंचल में रेत का अवैध कारोबार बेखौफ चल रहा है। इसी के चलते मुरैना में अवैध रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी ने वन रक्षक हरिकेश गुर्जर की कुचलकर हत्या कर दी। घटना बुधवार की अलसुबह हुई।
आरोपित विनोद कोरी इतना दुस्साहसी निकला कि उसने हत्या के बाद आधा किलोमीटर दूर पेट्रोल पंप पर ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी की। कपड़े बदले और वहां के कर्मचारी को औने-पौने दाम पर रेत बेचकर ट्रैक्टर-ट्राली भी ले गया। पुलिस ने विनोद कोरी के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
उसने पुलिस को बताया है कि ट्रैक्टर का संचालन कुथियाना गांव के पवन तोमर व सोनू चौहान कर रहे हैं। पवन तोमर दिमनी भाजपा मंडल का उपाध्यक्ष है। सोनू भी भाजपा से ही जुड़ा है। मृतक के स्वजन की मांग है कि अवैध कारोबार में शामिल ट्रैक्टर मालिक को भी आरोपित बनाया जाए। पुलिस असली मालिकों की पहचान सुनिश्चित कर रही है।
पुलिस के अनुसार अंबाह वन रेंज के डिप्टी रेंजर वीरकुमार तिर्की के नेतृत्व में हरिकेश गुर्जर सहित चार लोगों की टीम बुधवार को दिमनी थाना क्षेत्र के अंबाह-मुरैना रोड पर गश्त कर रहे थे। सुबह साढ़े पांच बजे रानपुर चौराहा पर टीम विनोद कोरी को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका।
तभी हरिकेश गुर्जर ट्रैक्टर पर चढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विनोद कोरी ने हरिकेश गुर्जर को लात मारकर धकेल दिया और उन्हें कुचलते हुए ट्रैक्टर-ट्राली ले भागा। हरिकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। विनोद कोरी ट्रैक्टर-ट्राली के साथ आधा किमी दूर एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा।
वहां के सीसीटीवी कैमरे में उसके फुटेज रिकार्ड हो गए। घटना के कुछ घंटे बाद ही पूर्व निर्धारित दौरे पर मुरैना पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने रेत कारोबार की ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा का आश्वासन दिया है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अब भाजपा का नहीं, माफिया का राज चल रहा है।
अंचल में रेत माफिया इतने बेखौफ हैं कि वे अधिकारियों पर हमला करने से बाज नहीं आते। प्रदेश में रेत माफिया के हाथों अब तक सात अधिकारी और कर्मचारी जान गंवा चुके हैं। आठ मार्च, 2012 को प्रशिक्षु आईपीएस नरेंद्र सिंह को भी कुचल दिया गया था।
चंबल नदी में केवल मुरैना में ही 25 से 30 छोटे-बड़े घाट हैं। बड़े घाटों से 1500 ट्राली और अन्य छोटे घाटों से प्रतिदिन 500 से 700 ट्राली रेत निकाली जाती है। मुरैना में एक ट्राली रेत ढाई से पौने तीन हजार रुपये में बिकती है। एक आकलन के अनुसार करीब 50 लाख रुपये की रेत प्रतिदिन चंबल नदी से निकाली जाती है।
---------------------------------------------
3 महीने बाद बंद हो सकती है LPG सप्लाई, 10 दिन में शुरू होगी पाइपलाइन से गैस
भोपाल। प्रदेश में सरकार का जोर अब पीएनजी के नेटवर्क को विस्तार देने पर है। इसके लिए भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित अन्य जिलों में पीएनजी लाइन के विस्तार के साथ कनेक्शन देने का काम किया जा रहा है। बुधवार को अपर मुख्य सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति रश्मि अरुण शमी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी और नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि जहां पीएनजी की लाइन जोड़ी जा चुकी है, वहां 10 दिन के भीतर आपूर्ति प्रारंभ करें।
बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन एलपीजी के उपभोक्ताओं ने कनेक्शन नहीं लिए हैं, उन्हें बताया जाए कि तीन माह बाद उनकी एलपीजी की आपूर्ति बंद की जा सकती है। रश्मि अरुण शमी ने कहा कि गृह विभाग के अधीन आने वाली संस्थाएं, सुधार गृहों के साथ-साथ पुलिस, सीएपीएफ, डिफेंस इस्टेब्लिशमेंट, ऑफिसर्स कॉलोनी, सामान्य प्रशासन पूल के घरों, पुलिस मुख्यालय, पुलिस कॉलोनी के आसपास पाइप लाइन बिछी हुई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी कनेक्शन दिए जाएं।
इस दौरान बताया गया कि ऐसे क्षेत्र, जहां पाइपलाइन बिछी है, वहां के रहवासियों एवं व्यवसायियों की सूची तैयार कर कॉलोनियों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में स्थानीय निकायों के अधिकारियों, वार्ड पार्षद के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। इसी तरह औद्योगिक क्षेत्रों में उन औद्योगिक इकाइयों की पहचान की जाए, जिन्हें पीएनजी पर शिफ्ट किया जा सकता है।
ऑयल कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि जिले के दूसरे स्थान से काम करने आए मजदूर, कर्मचारी और विद्यार्थियों को खाना पकाने के लिए पांच किलोग्राम का सिलिंडर 1,529 रुपये प्रति कनेक्शन के मान से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए एड्रेस प्रूफ की आवश्यकता भी नहीं है। इन सिलिंडर को 585 रुपये में रिफिल किया जा सकता है।