धार। यूं तो पति-पत्नी साथ जीने और मरने की कसमें खाते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश में एक दंपति ने इस वाकये को चरितार्थ कर दिया है। धार जिले में एक महिला अपने पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी। इसके चंद घंटे बाद उसने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद जब पति-पत्नी की एक साथ शवयात्रा निकाली तो यह देखकर हर किसी के आंसू छलक उठे।
दरअसल, जिले के बाग में 62 वर्षीय प्रभु लाल प्रजापत को शुक्रवार शाम अचानक दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें बड़वानी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। शनिवार को उनकी अंतिम क्रिया होनी थी। इसी बीच, शनिवार सुबह उनकी पत्नी छोटाबाई प्रजापत को भी अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनका भी तत्काल निधन हो गया।
पति-पत्नी के निधन के बाद धार में उनकी अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई। बाग के मुक्तिधाम पर स्वर्गीय प्रभु लाल और स्वर्गीय छोटाबाई की पार्थिव देह एक ही चिता पर रखी गई। उनके दोनों पुत्रों कृष्णा और महेंद्र ने माता-पिता को मुखाग्नि दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम यात्रा में सभी समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। स्थानीय बुजुर्गों के
अनुसार, पति-पत्नी दोनों की एक साथ अंतिम यात्रा की ऐसी घटना पहली बार देखी गई है। प्रजापत दंपत्ति धार्मिक प्रवृत्ति के थे और विभिन्न धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे। मुक्तिधाम पर एक ही चिता पर पति-पत्नी का दाह संस्कार देखकर कई लोगों की आंखें नम हो गईं, और सभी ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी
------------------------------
होटल रिसेप्शनिस्ट का बीच सड़क से अपहरण, सीसीटीवी में कैद वारदात
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बदमाशों ने एक होटल के रिसेप्शनिस्ट का बीच सड़क से अपहरण कर लिया। आरोपियों ने युवक को जबरन कार में बैठाकर शहर में घुमाया और रास्ते भर उसके साथ मारपीट करते रहे। बाद में उसे सड़क पर उतारकर धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र की गायत्री विहार कॉलोनी में स्थित एक होटल के बाहर की है। पुलिस के अनुसार गिजौर्रा क्षेत्र के ग्राम सेमरा निवासी 24 वर्षीय श्यामू राणा होटल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करता है। 12 मार्च की रात करीब डेढ़ बजे वह काम खत्म कर होटल के गेट पर खड़ा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो कार में सवार चार युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन कार में डालकर अपने साथ ले गए।
पुलिस के मुताबिक कार में बैठे आरोपियों ने श्यामू से उसके साढ़ू उप्पे राणा के बारे में पूछताछ की और इसी बात को लेकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों का उप्पे राणा से किसी पुराने विवाद को लेकर झगड़ा चल रहा है। श्यामू ने आरोपियों को बताया कि उसकी अपने साढ़ू से कोई बातचीत नहीं होती है, लेकिन इसके बावजूद बदमाशों ने उसे पीटते हुए कार में घुमाया।
कुछ देर बाद आरोपी श्यामू को गोविंदपुरी इलाके में कार से उतारकर धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट के कारण युवक की आंख और नाक में चोटें आई हैं। सीसीटीवी में कैद हुई घटना घायल युवक किसी तरह मध्य प्रदेश पुलिस के थाटीपुर थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो अपहरण की पूरी घटना फुटेज में कैद मिली।
इस मामले में थाना प्रभारी विपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरियादी के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
--------------------------------
एमपी के मौसम का बिगड़ा मिजाज : अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट, 12 जिलों में आंधी-बारिश का दौर
भोपाल. मौसम विभाग ने तेज गर्मी के बीच प्रदेश में आंधी-बारिश की चेतावनी दी है. रविवार 15 मार्च को एमपी के उत्तर और दक्षिणी हिस्से के 8 जिलों में बारिश हो सकती है. इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, जबलपुर संभाग के छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट शामिल हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 18 मार्च तक आंधी-बारिश का दौर बना रहेगा. यानी, इस साल मार्च में पहली बार मावठा गिरेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और टर्फ की वजह से प्रदेश में मौसम बदलेगा. 17 मार्च को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है. ऐसे में बादल, बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर लगातार जारी रहेगा.
ये 3 दिन बारिश, गरज-चमक वाला होगा
16 माचर्: बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर.
17 माचर्: सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर.
18 माचर्: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा
शनिवार 14 मार्च को प्रदेश में गर्मी का दौर जारी रहा. भोपाल, इंदौर समेत कई जिलों में सुबह से ही तीखी धूप रही. इससे पहले 2 दिन तक नर्मदापुरम में तीव्र लू दर्ज की गई. यहां दिन का तापमान 40 डिग्री के पार रहा. मार्च के दूसरे हफ्ते में ही प्रदेश में तेज गर्मी पड़ रही है. पिछले 3 दिन से पारा 40 डिग्री के पार ही है. ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग में गर्मी का असर ज्यादा है.
नर्मदापुरम प्रदेश में सबसे गर्म बना हुआ है. शनिवार को भी नर्मदापुरम में तीव्र लू का असर देखा गया. लगातार तीसरे दिन तेज गर्म हवा चली. शनिवार को यहां दिन का पारा 40.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक है. वहीं, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर-उज्जैन से भी गर्म जबलपुर रहा. यहां अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को नर्मदापुरम के बाद खरगोन सबसे गर्म रहा. यहां पारा 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मंडला, रतलाम, दमोह, खंडवा, खजुराहो, रायसेन, शाजापुर, गुना, नरसिंहपुर, सतना, सिवनी, बैतूल, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, उमरिया, सागर और धार में तापमान 37 डिग्री या इससे ज्यादा दर्ज किया गया. प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में पारा 37.2 डिग्री, इंदौर में 36.6 डिग्री, ग्वालियर में 34.1 डिग्री, उज्जैन में 36.5 डिग्री और जबलपुर में 37.7 डिग्री रहा.
अपराध




