This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

अडाणी पावर प्लांट में आगजनी, कई गाड़ियों में की तोड़फोड़, पुलिस की गाड़ियां पलटाईं

User Rating: 3 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar InactiveStar Inactive
 

सिंगरौली। जिले के माढ़ा थाना क्षेत्र के बंधौरा क्षेत्र स्थित अडाणी पावर प्लांट में झारखंड निवासी श्रमिक की मौत के बाद शनिवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। गुस्साए मजदूरों ने सुबह जमकर हंगामा किया और ठेकेदार कंपनी के कार्यालय में आग लगा दी।
पावर प्लांट की एक साइट में भी आगजनी की गई। परिसर में खड़ी 12 से अधिक गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की और उन्हें पलटा दिया। थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
अडाणी ग्रुप से जुड़े बंधौरा पावर प्लांट में करीब 10 हजार श्रमिक काम करते हैं। ठेका कंपनी पावर मेक के तहत काम करने वाले झारखंड निवासी श्रमिक लल्लन सिंह (38) पुत्र रामदास चंद्रवंशी, निवासी गढ़वा, झारखंड की शुक्रवार रात आवास पर मौत हो गई। इस दौरान अफवाह फैली कि श्रमिक की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हुई है। मजदूरों का आरोप था कि श्रमिक की मौत के बाद कंपनी प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है और शव को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।
आक्रोशित मजदूरों ने ठेका कंपनी के कार्यालय परिसर में खड़े वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और कुछ वाहनों में आग भी लगा दी। आगजनी के कारण परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागते नजर आए। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ काफी आक्रोशित थी। कंपनी के कर्मचारियों से भी मारपीट की गई, जिससे वे मौके से भाग खड़े हुए। कुछ श्रमिक भी सामान समेटकर चले गए हैं।
पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिस ने किसी तरह मजदूरों को समझाकर माहौल शांत कराया। मजदूरों का कहना था कि मृत श्रमिक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मृतक मजदूर का शव झारखंड रवाना कर दिया गया है।
कंपनी प्रबंधन का कहना है कि श्रमिक की मौत उसके आवास पर हुई है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रबंधन का कहना है कि नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच की बात कह रहा है। कंपनी के सिक्योरिटी इंचार्ज राकेश कुमार का कहना है कि तोड़फोड़ और आगजनी से करोड़ों का नुकसान हुआ है।

--------------------------------
बेखौफ बदमाश: अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर की फायरिंग, घायल का पीछा कर दागी गोलियां
भोपाल। राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां बदमाशों ने गोली चला दी. बताया जा रहा है कि, पुरानी रंजिश को लेकर पहले बदमाशों ने पुराने बदमाश लल्लू रईस के घर में घुसकर 8 से 9 राउंड फायर किए. जिसमें लल्लू का बेटा इमरान घायल हो गया उसके पैर में गोली लगी है. परिजन उसे लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे. यहां भी आकर बदमाशों ने फायर कर दिया.
राजधानी भोपाल में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं. बदमाश अब बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं. इसी सिलसिले में भोपाल के सबसे बड़े हमीदिया अस्पताल में घुसकर गोली चला दी. अशोका गार्डन में रहने वाला पुराना बदमाश लल्लू रईस से पुरानी रंजिश के चलते बदमाश शादाब ने पहले रईस के घर में घुसकर गोलिया चलाई. जिससे लल्लू रईस का लड़का इमरान घायल हो गया उसके पैर मे गोली लगी है.
--------------------------------
बड़ी खबरः लापरवाही बरतने पर SP ने 26 टी आई को सुनाई निंदा की सजा
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां काम में लापरवाही बरतने पर एक साथ 26 टी आई को सजा मिली है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने एक साथ 26 टीआई को निंदा की सजा सुनाई है। इनमें शहरी के साथ ग्रामीण थाना प्रभारियों पर भी गाज गिरी है।
दरअसल सर्विस रिकॉर्ड में निंदा की सजा दर्ज की जाती है। निंदा की करवाई होने से प्रमोशन में फर्क पड़ता है। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष कम प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने पर यह सजा दी गई है।
सामान्यतः सरकारी सेवा में “निंदा” एक लघु दंड है। इसका मतलब है कि कर्मचारी की सेवा रिकॉर्ड में लिखित रूप में औपचारिक रूप से निंदा की जाती है। यह एक गंभीर चेतावनी है जो पदोन्नति को प्रभावित कर सकती है और सेवा पुस्तिका में दर्ज रहती है।