This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

अनूठा वसूली अभियान: बकायादारों के दरवाजे पर बजा ढोल, ​नगर पालिका ने दी संपत्ति कुर्की की चेतावनी

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

सीहोर। ​सीहोर नगर पालिका ने संपत्तिकर और अन्य करों की वसूली के लिए अब सख्त और अनूठा रुख अख्तियार कर लिया है। ​लंबे समय से टैक्स न भरने वाले बकायादारों को जगाने के लिए सोमवार को अधिकारी और कर्मचारी ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर निकले।
​नगर पालिका की टीम ने उन चिन्हित बकायादारों के घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर ढोल बजाया, जिन्होंने बार-बार चेतावनी के बाद भी भुगतान नहीं किया। ​अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने एक महीने पहले नोटिस मिलने के बावजूद टैक्स जमा नहीं किया, उनके खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है। ​ढोल बजाने का मुख्य उद्देश्य बकायादारों को सार्वजनिक रूप से उनके कर्तव्यों की याद दिलाना और शर्मिंदगी के जरिए वसूली करना है।
​अभियान के दौरान टीम ने मोहल्लों में घूम-घूम कर मुनादी की और लोगों से अपना बकाया शुल्क तुरंत जमा करने की अपील की। ​प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल उन लोगों के लिए है जो जानबूझकर टैक्स चोरी कर रहे हैं या टालमटोल कर रहे हैं। ​साथ ही नए बकायादारों को भी एक महीने का अंतिम नोटिस दिया जा रहा है, ताकि वे समय सीमा के अंदर भुगतान कर सकें।
​नगर पालिका ने चेतावनी दी है कि अगर नोटिस के बाद भी राशि जमा नहीं हुई, तो संपत्ति की कुर्की या जब्ती जैसी कार्रवाई की जाएगी। ​इस दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में हड़कंप की स्थिति रही और कई लोग मौके पर ही राशि जमा करने की जानकारी लेते दिखे। ​नगर पालिका की इस “ढोल बजाओ” मुहिम की चर्चा पूरे शहर में हो रही है, जिससे अन्य डिफॉल्टरों में भी हड़कंप है।
बताया जा रहा है कि यह अभियान आने वाले दिनों में और भी तेजी से जारी रहेगा। वहीं ​अधिकारियों ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए टैक्स का समय पर भुगतान अनिवार्य है।​ ​नगर पालिका का लक्ष्य इस वित्तीय वर्ष के अंत तक शत-प्रतिशत वसूली के लक्ष्य को प्राप्त करना है।
-------------------------
शादी का झांसा:- लॉ स्टूडेंट से दुष्कर्म के आरोप में वकील गिरफ्तार
इंदौर। आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में शादी का वादा कर लॉ की छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी वकील को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी लोकेशसिंह भदौरिया के अनुसार पीड़िता कानून की छात्रा है, जो मूल रूप से सेंधवा की रहने वाली है और वर्तमान में मूसाखेड़ी क्षेत्र में किराए से रह रही है। युवती ने पुलिस को बताया कि करीब तीन वर्ष पहले एक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी परवेज पिता अजीज कुरैशी से हुई थी। परिचय के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे संपर्क बढ़ता गया।
आरोप है कि आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर अपने विश्वास में लिया और इसी आधार पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद जब युवती ने विवाह की बात कही तो आरोपी टालने लगा और अंततः शादी से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने पर युवती ने आज़ाद नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को न्यायालय में पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
--------------------------
मध्यप्रदेश विधानसभा बजट सत्र की हंगामेदार शुरुआत : नारेबाजी की भेंट चढ़ा पहला दिन
मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हुआ, लेकिन पहले ही दिन सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। सत्र की शुरुआत संपूर्ण छह छंदों में वंदे मातरम् के गायन से हुई। इसके बाद मंगु भाई पटेल ने सदन को संबोधित किया।
राज्यपाल जैसे ही अपना अभिभाषण पढ़ने लगे, विपक्ष ने बीच-बीच में आपत्ति जतानी शुरू कर दी। हंगामे के कारण सदन का माहौल गरमा गया, लेकिन इसके बावजूद राज्यपाल ने अपना भाषण जारी रखा। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही अंततः अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि देश उस दौर में प्रवेश कर चुका है, जिसे नरेंद्र मोदी ने अमृत काल कहा है। उन्होंने सरकार की कई उपलब्धियों और योजनाओं का जिक्र किया, जिनमें शामिल हैं-
उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण
भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट
वर्ष 2047 तक मध्यप्रदेश को 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य
वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा
पीएम जनमन योजना के तहत 1.35 लाख आवासों का निर्माण
उज्जैन में शिप्रा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के प्रयास
नई शिक्षा नीति के तहत किए गए सुधार
नल-जल योजना और दूषित पानी पर विपक्ष का आरोप
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए आरोप लगाया कि नल-जल योजना की खामियों, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का जिक्र राज्यपाल के भाषण में नहीं किया गया। इसके बाद विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी।
राज्यपाल के सदन से जाने के बाद कार्यवाही फिर शुरू हुई। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जो हिस्सा अभिभाषण में पढ़ा नहीं जा सका, उसे पढ़ा हुआ माना जाएगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बजट सत्र 16 फरवरी से 6 मार्च तक चलेगा। सत्र के दौरान कुल 3478 प्रश्न लगाए गए हैं, 236 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 10 स्थगन प्रस्ताव, 41 अशासकीय संकल्प पेश किए जाएंगे, शून्य काल में 83 प्रश्न रखे जाएंगे।
सत्र से पहले विधानसभा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने राज्यपाल का स्वागत किया।
मंत्री एदल सिंह कंसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसी भी किसान को बाहर नहीं किया गया है। वहीं, कांग्रेस विधायक सुजीत सिंह चौधरी ने आरोप लगाया कि 1.60 लाख किसानों को योजना से बाहर कर दिया गया है और किसानों को मिलने वाली राशि “ऊंट के मुंह में जीरा” जैसी है।

© 2017 Your Company. All Rights Reserved. Designed By WarpTheme