शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में सनसनीखेज वकील हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करेरा में वकील संजय सक्सेना की हत्या मामले में पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार किया। एक आरोपी पपेंद्र रावत को पैर में गोली लगी है। जमीन विवाद मामले मे आरोपी कमलेश शर्मा ,सुनील शर्मा, नीरज शर्मा ने सुपारी देकर वकील संजय की हत्या कराई गई थी। सुपारी किलर गोलू रावत, पपेंद्र रावत, जहीर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना अपने घर से कोर्ट जा रहे थे। न्यायालय परिसर के पास पहुंचते ही अज्ञात बाइक सवार युवक ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोलियां लगने से अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर बाइक से फरार हो गया।
-----------------------------
कस्तूरबा नगर के फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, काले धुएं से छाया आसमान
भोपाल के कस्तूरबा नगर इलाके में एक फर्नीचर कारखाने में आग लगने की सूचना है। आग की जानकारी मिलते ही मौके पर डायल 112 की दो फायर ब्रिगेड गाड़ियां और नगर निगम की एक दमकल गाड़ी रवाना की गई है। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश कर रहे हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मेहता इंडस्ट्री नाम की फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की गंभीरता को देखते हुए फैक्ट्री से सटे रिहायशी मकानों को सुरक्षा के लिहाज से खाली कराया जा रहा है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम शुरू कर दिया। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह के बड़े खतरे की आशंका नहीं है। उन्होंने बताया कि आग फैक्ट्री के पिछले हिस्से में फैल गई थी, जहां टिन से बनी दीवार को रस्सियों की मदद से दमकल वाहनों द्वारा खींचकर तोड़ा गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने अंदर तक पहुंच बनाकर लपटों पर पानी डाला।
घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा है, वहीं पुलिस और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है
--------------------------------
हर हर महादेव! भोपाल में निकली भव्य शिव बारात, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी भोपाल में बड़ वाले महादेव की भव्य शिव बारात निकाली गई। पुराने शहर की सड़कों पर आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा इलाका शिवमय हो गया। फूलों से सजे मार्ग, रंग-बिरंगी रोशनी और जगह-जगह स्वागत मंचों ने माहौल को और भी दिव्य बना दिया। सैकड़ों सामाजिक संस्थाओं और समाजों ने शोभायात्रा के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां कीं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शिव बारात में भगवान शिव चांदी के आकर्षक रथ पर विराजमान रहे। माथे पर चंद्रमा, गले में सर्प और हाथ में त्रिशूल लिए भोलेनाथ दूल्हे के स्वरूप में नजर आए। उनका मनमोहक रूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। जैसे-जैसे बारात आगे बढ़ी, श्रद्धालु हर-हर महादेव और जय महाकाल के जयघोष करते रहे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि शिव बारात हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान है। इस दौरान महापौर मालती राय भी उपस्थित रहीं।
शिव बारात में शामिल झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। शमशान की झांकी से लेकर विभिन्न देवी-देवताओं की झलक ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। प्रदेश के प्रसिद्ध बैंड ने अपनी प्रस्तुति दी, जबकि अलग-अलग प्रांतों से आए नृत्य दलों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को और भी जीवंत बना दिया।इस बार युवाओं का डमरू दल विशेष आकर्षण रहा। खास बात यह रही कि पहली बार 50 से अधिक बालिकाएं भी इस दल में शामिल हुईं। उनकी जोशीली प्रस्तुति को देखकर लोग उत्साहित नजर आए और तालियों की गूंज दूर तक सुनाई दी।
शोभायात्रा पुराने शहर स्थित शिवालय भवन से प्रारंभ हुई। यह सिंधी मार्केट, जनकपुरी हनुमानगंज, मंगलवारा, ट्रांसपोर्ट एरिया, इतवारा, चिंतामन चौराहा, गणेश चौक और सावरकर चौक लखेरापुरा होते हुए रात 10 बजे मां भवानी मंदिर पहंचेगी। यहां वरमाला की रस्म संपन्न की जाएगी।
पूरे मार्ग पर सामाजिक संगठनों और विभिन्न समाजों द्वारा स्वागत मंच लगाए गए। जगह-जगह प्रसाद वितरण और पुष्पवर्षा की गई।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात को डायवर्ट किया गया। रोशनी और सजावट से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा।
महाशिवरात्रि की इस भव्य शिव बारात ने एक बार फिर भोपाल की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जीवंत कर दिया। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ यह शोभायात्रा भक्तों के लिए यादगार बन गई।




