शिवपुरी जिला में शनिवार को एक वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात करैरा कस्बा की है। मृतक वकील रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
मृतक वकील का नाम संजय कुमार सक्सेना (57) था। वे घिरियाली मोहल्ला, पुराना बाजार के रहने वाले थे। गोली लगने के बाद वे सड़क पर गिर पड़े।
यह हमला करैरा क्षेत्र में आनंद सागर मंदिर के पास, सिद्धन रोड पर हुआ। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हमलावर पैदल आए थे या किसी वाहन से।
घटना के कुछ समय बाद उसी रास्ते से गुजर रहे एक अन्य वकील ने संजय सक्सेना को सड़क पर पड़ा देखा। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई कुलदीप सक्सेना ने आरोप लगाया कि यह हत्या पुरानी रंजिश के कारण कराई गई है। उन्होंने बताया कि संजय सक्सेना ने गांव सिगदाऊआ में किशोरी जाटव की जमीन का केस लड़ा था, जिसमें जीत हुई थी। इसके बाद से आरोपी लगातार धमकियां दे रहे थे।
परिजनों का कहना है कि संजय सक्सेना एक अन्य जमीन विवाद में भी पैरवी कर रहे थे। इस मामले में शिक्षक कमलेश शर्मा पर दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। यहां तक कहा गया कि केस से हटने या समझौता कराने के लिए पैसे का ऑफर भी दिया गया था।
कुलदीप सक्सेना ने बताया कि आरोपियों से चुनावी रंजिश भी चली आ रही थी। अगस्त-सितंबर में उनकी 6 बीघा जमीन में खड़ी मूंगफली की फसल नष्ट कर दी गई थी। इसकी शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आस-पास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में हत्या को पहले से प्लान किया गया बताया जा रहा है।
अभिभाषक संघ के सचिव राम नरेश तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो सोमवार से न्यायालय का कामकाज बंद कर हड़ताल की जाएगी। इसके साथ ही थाने के बाहर धरना देने की भी घोषणा की गई है।
-------------------------------------
छात्राओं के अपहरण का मामलाः ग्रामीणों ने कथित साधु को किया पुलिस के हवाले, जांच जारी
धार। जिले के बदनावर के बखतगढ़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें बताया जा रहा है कि तीन लोग छात्राओं का अपहरण का प्रयास कर रहे थे। छात्राओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो महिला सहित एक पुरुष को अपने साथ थाने पर ले गई।
एसडीओपी अरविंद तोमर ने बताया कि यह राजस्थान से आए हुए तीन लोग हैं जो किसी भी क्षेत्र में जाते हैं तो थाने पर तस्दीक देते और इन्हें सब पहचानते है। छात्राओं के अपहण की घटना नहीं हुई है। ये लोग छात्राओं को आशीर्वाद दे रहे थे। छात्राओं को गलतफहमी हुई, वह डर गई और ग्रामीण इकट्ठा हो गये। इन्हें थाने ले जाया गया।
थाना प्रभारी अमित कुशवाहा ने बताया कि पकड़े गए सभी लोग राजस्थान के निवासी और हाथ देखकर दक्षिणा लेकर जीवन-यापन करते हैं। प्रारंभिक जांच में इनके बच्चा चोरी से जुड़े होने के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
-------------------------------
MBA छात्रा की मौत का मामला: आरोपी क्लासमेट मुंबई से गिरफ्तार, गला घोंटकर की थी हत्या
इंदौर। द्वारकापुरी में एमबीए की छात्रा की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पढ़ाई के नाम पर शुरू हुई दोस्ती अब एक खौफनाक अंत तक पहुंच गया। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी पीयूष को मुंबई से हिरासत में ले लिया है। ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर उसे इंदौर लाया जा रहा है, जहां उससे कड़ी और विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक मृतक छात्रा और आरोपी दोनों एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे और एक-दूसरे को जानते थे। कुछ दिन पहले छात्रा अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तलाश तेज की। जांच के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने सभी को सन्न कर दिया। छात्रा का शव आरोपी के घर से बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या की और वारदात के बाद फरार हो गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे मुंबई से हिरासत में ले लिया। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह हत्या पूर्व नियोजित थी या किसी विवाद का खौफनाक अंजाम? घटनास्थल से जुटाए गए सबूत फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि हत्या की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा हो सके। छात्रा की मौत से परिवार में गहरा शोक है, वहीं पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाएगी और दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
इस मामले में इंदौर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि “मुख्य आरोपी को मुंबई से हिरासत में लिया गया है। ट्रांजिट प्रक्रिया के बाद उसे इंदौर लाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है। फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। आरोपी से विस्तृत पूछताछ के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।”




