मध्य प्रदेश में बिजली के ज्यादा कीमत वाले बिलों की शिकायतें आती रहती है लेकिन ना तो सरकार ने और ना ही बिजली कंपनी ने इसका अभी तक कोई तोड़ निकाला है अब हालात ये हो गए हैं कि लोगों का सब्र का बाँध टूट रहा है और नौबत मारपीट तक आ चुकी है ताजा मामला मुरैना जिले का है जहाँ एक महिला ने मीटर रीडर को चप्पलों से पीट दिया , घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं।
दरअसल मामला मुरैना जिले के रामपुर थाना क्षेत्र का है, बताया जा रहा है कि क्षेत्र में रहने वाले जयप्रकाश सिंघल और उनकी पत्नी शिल्पी सिंघल बिजली कंपनी के ऑफिस पहुंचे यहाँ उन्होंने उनके यहाँ पहुंचे अधिक रीडिंग के बिल पर सवाल जवाब किये, इसी बात को लेकर वहां कहासुनी शुरू हो गई।
कुछ देर में ही सिंघल दंपत्ति मीटर रीडर (आउट सोर्स कर्मचारी ) विनोद कुशवाह से तेज आवाज में बहस होने लगी, इसी बीच महिला शिल्पी अपना आप खो बैठी और उसने अपनी चप्पल उतारकर ऑफिस में पूरे स्टाफ के सामने मीटर रीडर विनोद कुशवाह की पिटाई शुरू कर दी, महिला इतनी आक्रोशित थी कि लोगों के रोकने पर भी वो नहीं रुकी।
वायरल वीडियो में महिला का पति मीटर रीडर से ये कहता सुनाई दे रहा है कि 62 यूनिट का बिल 900 रुपये कैसे आया मुझे ये बता। लोगों ने बीचबचाव कर बड़ी मुश्किल से महिला के हाथ से चप्पल छीनी, मीटर रीडर का कॉलर छुड़वाया, फिर दोनों थाने पहुंच गये।
थाना प्रभारी राम गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों ने अपनी अपनी शिकायत दर्ज कराई है, मामला कल शुक्रवार दोपहर का बताया जा रहा है, घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसकी जाँच की जा रही है। बता दें वीडियो में बहुत गालियाँ है, महिला बहुत अभद्र भाषा का प्रयोग करती हुई सुनाई दे रही है इसलिए हम यहाँ वीडियो म्यूट कर लगा रहे है।
----------------------------------
आदिवासी युवक की हत्याः जूते पहनकर गुजरने के विवाद में 2 बदमाशों ने पीट पीटकर उतारा मौत के घाट
सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्नई गांव में एक आदिवासी युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद दो युवकों ने बेरहमी से पिटाई की, जिससे इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच जारी है।
मृतक की पहचान विष्णु बैगा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, विष्णु अपने गांव गुल्ली डांड से कन्नई पाही में आयोजित छठी बरही कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में वह रवि ढाबे के पास सामान खरीदने रुका, जहां पहले से विक्रम बैस और केशव बैस मौजूद थे। मृतक के चाचा मोतीलाल बैगा के अनुसार, जूते पहनकर गुजरने की बात पर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई।
आरोपियों ने लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर विष्णु को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उसे बैढ़न के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बरगवा एसडीओपी गौरव पाण्डेय ने बताया कि रात करीब 11 बजे मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद अब हत्या की धारा जोड़ी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
-------------------------------
महाशिवरात्रि पर उमड़ती है भीड़, ऋणमुक्तेश्वर महादेव के दर पर मिलता है कर्ज से छुटकारे का आशीर्वाद
कर्ज केवल पैसों का बोझ नहीं होता, यह इंसान के मन पर भी भारी पड़ता है। कई परिवार ऐसे होते हैं जो सालों तक कर्ज और आर्थिक तनाव में जीते रहते हैं। ऐसे में जब लोग उम्मीद खोने लगते हैं, तब वे भगवान के दर पर पहुंचते हैं, नई शुरुआत की आस लेकर।
मध्य प्रदेश का धार्मिक शहर उज्जैन भारत के सबसे प्राचीन और पवित्र शहरों में गिना जाता है। यहां हर कदम पर इतिहास, परंपरा और आस्था की गहरी छाप दिखाई देती है। यह शहर भगवान शिव की नगरी माना जाता है। यहां सालभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है, लेकिन शिवरात्रि, सावन और अन्य पर्वों पर लाखों भक्त दर्शन के लिए आते हैं। उज्जैन की खास बात यह है कि यहां आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ जीवन की परेशानियों का समाधान खोजने की आस्था भी जुड़ी हुई है। ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर भी इसी आस्था की मजबूत कड़ी है, जहां लोग आर्थिक संकट से राहत की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं।
यह प्राचीन शिव मंदिर पवित्र शिप्रा नदी के किनारे स्थित है। सुबह के समय जब नदी के घाटों पर आरती होती है और मंदिर की घंटियों की आवाज गूंजती है, तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
हमने देखा कि कई श्रद्धालु पहले शिप्रा में स्नान करते हैं, फिर मंदिर में जाकर पूजा करते हैं। उनका मानना है कि स्नान और पूजा दोनों मिलकर जीवन के दुख और बाधाओं को दूर करने का मार्ग खोलते हैं। नदी किनारे की शांति, मंदिर का वातावरण और भक्तों का विश्वास इस स्थान को और भी खास बना देता है।
स्थानीय पुजारियों और श्रद्धालुओं के अनुसार, यहां वर्षों से यह मान्यता है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से पूजा करता है, उसे कर्ज से राहत मिलने लगती है। इसलिए भगवान शिव को यहां “ऋणमुक्तेश्वर” कहा जाने लगा। कई श्रद्धालुओं के अनुभव बताते हैं कि पूजा के बाद उन्हें काम में सफलता मिलने लगी, आय के नए रास्ते खुले और धीरे-धीरे कर्ज चुकाने की स्थिति बन गई।
ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर की पहचान यहां होने वाली “पीली पूजा” से है। यह पूजा कर्ज से छुटकारा पाने की विशेष प्रार्थना मानी जाती है। इस पूजा में भक्त एक पीले कपड़े में चने की दाल, हल्दी और गुड़ बांधकर पोटली बनाते हैं। फिर इसे भगवान शिव के चरणों में अर्पित किया जाता है। मंदिर परिसर में जगह-जगह पीली पोटलियां दिखाई देती हैं, जो भक्तों के विश्वास की निशानी हैं। पुजारी मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराते हैं। भक्त मानते हैं कि इससे आर्थिक रुकावटें धीरे-धीरे खत्म होने लगती हैं।
महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। दूर-दराज के राज्यों से लोग उज्जैन पहुंचते हैं और पूरी रात शिव भक्ति में लीन रहते हैं। हमने स्थानीय लोगों से बातचीत में जाना कि इस दिन की गई पूजा को विशेष फलदायी माना जाता है। लोग परिवार के साथ आकर पूजा करते हैं और जीवन की परेशानियों से राहत की कामना करते हैं। मंदिर परिसर और घाटों पर भक्ति का अलग ही माहौल देखने को मिलता है।




