ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के शीतला माता रोड झाड़ियों में मिली संतोष गिरी गोस्वामी के अंधे कत्ल का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। यह महज एक हत्या नहीं, बल्कि इश्क, धोखे और साजिश की एक ऐसी खौफनाक की गई दांस्ता है। जिसकी सूत्रधार खुद मृतक की पत्नी रीना निकली है। रीना ने अपने शादीशुदा प्रेमी अमित खान के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की खूनी स्क्रिप्ट लिखी। प्रेमी ने संतोष को शराब पार्टी के बहाने बुलाया उसे नशे में धुत किया फिर सिर में तीन गोलियां उतारकर मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद प्रेमिका को फोन कर कहा तेरी प्रॉब्लम को खत्म कर दिया है।
दअरसल ग्वालियर के कंपू थाना पुलिस को 21 जनवरी 2026 बुधवार की रात सूचना मिली थी की शीतला माता रोड पर झाड़ियों में खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा हुआ है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के दौरान युवक के सिर में तीन गोलियां लगी हुई थी। घटनास्थल के पास से स्मार्ट वॉच और बाइक पुलिस को मिली थी। बाइक के नंबर पर सर्च करने पर वह घाटीगांव की निकली। पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मृतक की पहचान संतोष गिरी गोस्वामी निवासी जखोदा घाटीगांव के रूप में हुई। पहचान होने पर उसके परिवार को घटना की सूचना दी। गुरुवार सुबह जब मृतक के पिता विजय गिरी ने शव की पहचान की तो उन्होंने अपनी बहू रीना पर शक जताया। पुलिस ने रीना को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो रूह कंपा देने वाली साजिश परत-दर-परत खुलती चली गई।
रीना ने बताया कि संतोष नशे का आदी था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इसलिए वह मायके आ कर रह रही थी। इस बीच उसे अपने मायके करहिया गांव के पड़ोसी अमित खान से प्यार हो गया। संतोष इस रिश्ते में रोड़ा बन रहा था, इसलिए सात-आठ दिन पहले ही उसे मारने का प्लान तैयार किया था। चार दिन पहले ही संतोष और रीना के बेटे का जन्मदिन था। संतोष ने वीडियो कॉल पर बेटे से बात की और रीना को घर लौटने को कहा था। लेकिन उसे क्या पता था कि वह मौत के करीब है। फिर मंगलवार रात प्रेमी अमित खान ने संतोष को शराब पिलाने के बहाने नौगांव शीतला माता रोड पर बुलाया। अमित के साथ उसका दोस्त सन्नी भी था। जैसे ही संतोष को नशा चढ़ा तो अमित और सन्नी ने उसके सिर, कनपटी और पेट में तीन गोलियां मार दीं। इसके बाद प्रेमिका रीना को कॉल कर उसने कहा कि उसकी प्रॉब्लम को उसने खत्म कर दिया है। बात हो जाने के बाद पकड़े जाने के डर से रीना ने अपने मोबाइल की पुरानी सिम तोड़ दी। ताकि लोकेशन और कॉल डिटेल न मिल सके। वह अमित से दूसरे मोबाइल पर केवल व्हाट्सएप कॉल के जरिए बात करती थी।
पति की हत्या के बाद उसने अमित से हुई वीडियो कॉल और मैसेज की डिटेल भी डिलीट कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी अमित खान की पहचान होने के बाद उसे हाईवे पर घेर लिया। लेकिन वह चकमा देकर मोहना के जंगलों में भाग गया। पुलिस की टीम उसे और उसके दोस्त को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी के दोस्त सन्नी को हिरासत में ले लिया है। वहीं पुलिस ने दोंनो से पूछताछ कर फरार आरोपी प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है।
---------------------------------
27 जनवरी’ को 8 लाख बैंककर्मी हड़ताल पर, 5-डे वर्किंग की मांग
भोपाल बैंकों में हफ्ते में 5-डे वर्किंग कॉन्सेप्ट की मांग को लेकर बैंक कर्मियों ने हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स इलाके में बड़ी संख्या में बैंककर्मी एकत्रित हुए। यहां पर उन्होंने मोबाइल की टॉर्च जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। बैंककर्मी 27 जनवरी को एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे।
दरअसल, गुरुवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ यूनियंस ने राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया था। जिसके चलते सैकड़ों बैंककर्मी पंजाब नेशनल बैंक इंदिरा प्रेस कॉम्पलेक्स के सामने एकत्रित हो गए।
बैंक कर्मियों ने बताया कि 27 जनवरी को अखिल भारतीय बैंक ने हड़ताल का आह्वान किया है। इस दौरान निजी बैंक, विदेशी बैंक, ग्रामीण और सहकारी बैंक समेत अन्य बैंककर्मी शामिल होंगे। बैंकिंग सेक्टर में 5 डे वर्किंग लागू करने के लिए केंद्र सरकार को मंजूरी देनी चाहिए। अभी केवल दूसरे और चौथे शनिवार ही अवकाश मिलता है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स संगठन के द्वारा लंबे समय से बैंकिंग क्षेत्र में हफ्ते में 5-डे वर्किंग लागू करने की मांग कर रहा है। साल 2015 में हुए 10वें द्विपक्षीय समझौते/ आईबीए और केंद्र सरकार के द्वारा सहमति व्यक्त की गई थी। तब हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित किया गया था। वहीं पहले और तीसरे शनिवार को हाफ डे की जगह पूर्ण कार्य दिवस घोषित किया गया था।
उस दौरान आश्वासन दिया गया था कि सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने पर विचार किया जाएगा। साल 2022 में भी केंद्र सरकार और भारतीय बैंक संघ ने यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के साथ सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के विषय में सहमति जताई थी। 2023 में सहमति भी बनी, मगर उसके बाद स्वीकृति लंबित है।
----------------------------
महू में भी दूषित पानी का कहर... 10 अस्पताल में भर्ती, 250 घर प्रभावित,12 सर्वे टीमें तैनात
महू। चन्दर मार्ग क्षेत्र में दूषित पानी के कारण उपजे स्वास्थ्य संकट को देखते हुए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने गली-मोहल्लों का भ्रमण कर रहवासियों से सीधे संवाद किया और क्षेत्र में जल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि प्रशासन हर प्रभावित परिवार की मदद के लिए मुस्तैद है।
प्रशासनिक आँकड़ों के अनुसार, चन्दर मार्ग के लगभग 250 घर इस दूषित जल की समस्या से सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने 12 विशेष सर्वे टीमें गठित की हैं, जो घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर रही हैं। यह टीमें प्रभावित इलाकों का चिन्हांकन कर रही हैं ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
दूषित पानी के सेवन से बीमार हुए लोगों में से वर्तमान में 10 लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भर्ती मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही हैं। राहत की बात यह है कि अधिकांश मरीजों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने संक्रमण की जड़ तक पहुंचने के लिए तत्काल कड़े निर्देश जारी किए हैं। क्षेत्र में फिलहाल पाइपलाइन के जरिए होने वाली नर्मदा जल की सप्लाई को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है, ताकि दूषित पानी का प्रसार न हो। रहवासियों को पीने के साफ पानी की कमी न हो, इसके लिए क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जल स्रोतों और प्रभावित क्षेत्रों में सघन क्लोरिनेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पाइपलाइन में लीकेज या ड्रेनेज मिक्सिंग के पॉइंट का जल्द से जल्द पता लगाया जाए। जब तक जल पूरी तरह शुद्ध नहीं हो जाता, तब तक क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्थाएं जारी रहेंगी।
अपराध





