ग्वालियर. ग्वालियर में रिटायर्ड CMHO की 61 साल की पत्नी का शव घर में निवस्त्र मिलने पर सनसनी फैल गई. शव 5 दिन पुराना बताया जा रहा है. जब बदबू आई तब पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब जाकर घटना का पता चला. वहीं पुलिस ने मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजने के बाद घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आ पाएगी.
दअरसल, ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर साइट नंबर एक स्थित आकाशदीप अपार्टमेंट के सामने रहने वाली 61 साल की अनिता शर्मा अकेली रहती थीं. उनके पति ग्वालियर में CMHO के पद पर कार्यरत रहे थे. उनकी पहले ही मौत हो चुकी है. अनीता शर्मा के दो बच्चे हैं. बेटा अनीश पुणे में रहता है जबकि बेटी निधि बेंगलुरु में नौकरी करती है.
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग अनीता पिछले चार-पांच दिनों से घर से बाहर नहीं निकली थीं. घर में काम करने वाली बाई भी बाहर से आवाज लगाकर वापस चली जाती थी. कोई चहल-पहल न देखकर पड़ोसियों ने इसकी सूचना ग्वालियर में ही रहने वाले अनीता के भाई को दी.
भाई और उनके बेटे के ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर से कोई भी जवाब और न ही कोई आवाज आई तो पुलिस को बुलाया गया. जब पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई तो पहली मंजिल पर बाथरूम के पास महिला का शव बिना कपड़ों के पड़ा हुआ मिला. जिससे तेज बदबू आ रही थी. शव के पास एक बाल्टी में कपड़े भी रखे हुए थे और महिला की नाक व मुंह से खून निकल रहा था.
आशंका जताई जा रही है कि महिला बाथरूम से नहाकर निकली थी. तभी हादसा हुआ होगा जिससे महिला की मौत हुई है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज मर्ग कायम कर घटना को लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की सही वजह सामने आ पाएगी.
--------------------------------
होटल में फूड प्वाइजनिंग से 4 की मौत, एक वेंटिलेटर पर लड़ रहा जिंदगी और मौत की जंग
खजुराहो। मध्य प्रदेश में खजुराहो में फूड प्वाइजनिंग से चार लोगों की मौत हो गई। सोमवार की शाम उल्टी दस्त की शिकायत के बाद 8 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 4 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान चार लोगों ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि सभी ने दोपहर के खाने में आलू गोभी की सब्जी खाई थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला खजुराहो थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, यह सभी खजुराहो के गौतम होटल रिसॉर्ट में काम करते है। सोमवार की शाम 8 कर्मचारियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टी दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया। लेकिन एक की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि तीन ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा। वहीं एक कर्मचारी वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे है।
वहीं मृतकों के परिजनों ने खाने में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस पूरे मामले में सीएमएचओ डॉ आर पी गुप्ता ने बताया कि सभी कर्मचारी खजुराहो के गौतम रिसॉर्ट होटल में काम करते है। दोपहर के खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर सभी को हॉस्पिटल लेकर गए थे। जिसमें कर्मचारियों की मौत हुई है। CMHO ने यह भी बताया कि होटल कर्मचारी अलग से खाना बनाकर खाते थे। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
-----------------------------------
पैसे और नौकरी का लालच देकर धर्म परिवर्तन की कोशिश, एक महिला समेत तीन गिरफ्तार
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण करने का प्रयास किया जा रहा था। जिसकी सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले जाकर पूछताछ की। जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि लालच देकर लोगों की आस्था बदलने का प्रयास किया जा रहा है।
छिंदवाड़ा के धर्मटेकरी चौकी में कमलेश कवरेती ने आवेदन दिया था। जिसमें बताया गया कि ग्राम खापाभाट में धर्मांतरण कराया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सत्य नारायण ठाकुर, राजेश दाढे और अराधना बावने को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने धारा 3, 5 धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस मामले में चौकी प्रभारी अविनाश पारधी ने बताया कि 7 दिसंबर को आवेदक कमलेश ने लिखित आवेदन दिया था। जिसकी तस्दीक की गई। इसके बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।





