राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में वन विभाग के डिप्टी रेंजर को जान से मारने की धमकी मिली है। डिप्टी रेंजर ने बीजेपी विधायक पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर और एसपी से की है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिप्टी रेंजर मोहन सिंह सोनगिरा ने लिखित शिकायत की है। जिसमें उन्होंने अवैध कटाई पर कार्रवाई करने से नाराज आरा मशीन संचालक समेत भाजपा विधायक हजारी लाल दांगी पर धमकाने का आरोप लगाया है।
मोहन सोनगिरा ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर छापीहेड़ा-जीरापुर क्षेत्र में कार्रवाई और चेकिंग के बाद लगातार फोन के जरिए मेरा गला काटने, गुप्तांग काटने की धमकियां मिल रही हैं। डिप्टी रेंजर ने मामले की शिकायत कलेक्टर, एसपी और थाना कोतवाली में दर्ज कराई है। फिलहाल प्रशासन इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटा हुआ है।
---------------------------------
12 दिन से लापता मंदिर के पुजारी का जंगल में मिला शव, पुलिस को हत्या का भी शक
सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी के बरघाट थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के पास स्थित मोर्चा देवी मंदिर के 12 दिन से लापता बुजुर्ग पुजारी केदार वाड़ीवा का शव जंगल मे नाले में बरामद किया गया। मंदिर से लगभग तीन किलोमीटर अंदर जंगल के नाले में पुजारी का शव कई टुकड़ों में मिला है। परिजनों द्वारा लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया था, जिसके दौरान यह खुलासा हुआ।
वन विभाग के मुताबिक, जिस क्षेत्र में शव मिला है वहां बाघ और लेपर्ड का मूवमेंट अक्सर रहता है, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पुजारी को किसी हिंसक वन्यजीव द्वारा अपना शिकार बनाया गया है। हालांकि, पुलिस हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, वहीं वन विभाग भी अपने स्तर पर क्षेत्र में वन्यजीवो की गतिविधियों की निगरानी कर रहा है।
फिलहाल पुजारी के शव का जिला अस्पताल सिवनी में पीएम करवाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुजारी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
----------------------------------
MP में हेलमेट नियम सख्त: बाइक चालक और पीछे बैठने वाले दोनों को लगाना अनिवार्य
भोपाल। मध्यप्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर आज से बड़ी सख्ती। दोपहिया वाहन चालक हो या पीछे बैठने वाला पिलियन राइडर, दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य हो गया है। नियम तोड़ा तो सीधा चालान! भोपाल में 18 जगहों पर स्पेशल चेकिंग पॉइंट्स लगाए गए हैं। सबसे ज्यादा फोकस भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन पर, जहां सबसे अधिक सड़क हादसे हो रहे हैं।
साल 2024 में प्रदेश में 56,669 सड़क हादसे हुए, जिनमें 13,661 लोगों की मौत हुई। इनमें से 53.8% मौतें दोपहिया वाहनों से जुड़ीं और 82% मामलों में हेलमेट नहीं पहना था। आंकड़ों से पता चला कि 80% वाहन चालक हेलमेट नहीं लगाते। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर PTRI ने ये अभियान शुरू किया है। 4 साल से ज्यादा उम्र वालों पर लागू, ओला-उबर जैसी बाइक टैक्सी पर भी!
भोपाल में आज सुबह से ही 18 चेकिंग पॉइंट्स पर पुलिस तैनात है। बोर्ड ऑफिस, न्यू मार्केट, एमपी नगर सहित प्रमुख जगहों पर मोबाइल टीमें भी घूम रही हैं। बिना हेलमेट वाले ड्राइवर और पिलियन दोनों का चालान कट रहा है। पुलिस का कहना है – हेलमेट से मौत का खतरा 70% तक कम हो जाता है।





