पांढुर्णा। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा में गुरुवार सुबह जैन मंदिर में एक बड़ी ठगी की वारदात सामने आई। चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना पांढुर्णा पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर घटी। ठगों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अपनी बातों में उलझाकर करीब 7 लाख रुपए के गहने ले उड़े।
घटना सुबह लगभग 8:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, शांति निकेतन कॉलोनी निवासी चंपाबेन शाह जैन मंदिर पहुंची थीं। तभी दो मास्क पहने युवक उनसे मिले और गुजराती भाषा में बातचीत करने लगे। युवकों ने खुद को नई नौकरी मिलने की बात कहते हुए मंदिर में 21 हजार रुपए दान करने का बहाना बनाया।
ठगों ने महिला का विश्वास जीतकर उनसे उनके सोने के कंगन और सोने की चेन (करीब 7 तोला) एक थैले में रखने को कहा। लेकिन जैसे ही दोनों युवक वहां से निकले, महिला ने थैला खोला तो उसमें न तो नकदी थी और न ही गहने। गहनों की कीमत लगभग 7 लाख रुपए बताई जा रही है। इस संबंध में SDOP ब्रेजेश भागर्व ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है।
---------------------------------
बैंक डकैती के आरोपियों पर इनाम घोषितः 12 किलो सोने और नकदी के साथ फरार 3 बदमाशों की तलाश
जबलपुर। जिले के पनागर ब्लॉक के खितौला स्थित बैंक में दिनदहाड़े डकैती मामले में पुलिस ने डकैती के 3 आरोपियों पर इनाम घोषित किया है। पुलिस ने डकैती के मास्टरमाइंड दास गैंग का सरगना राजेश दास उर्फ आकाश से पूछताछ में जिन तीन लोगों के नाम बताए है पुलिस ने उन्हीं तीनों आरोपियों के ऊपर इनाम घोषित किया है। जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने तीनों आरोपी सुनील पासवान, गोलू पासवान, बच्चू सिंह पर 10-10 हज़ार रूपए का इनाम घोषित किया है।
बता दें कि पिछले दिनों पुलिस ने डकैती के मास्टरमाइंड राजेश दास को 3 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया था। राजेश दास ने डकैती का बाकी करीब 13 किलो सोना आरोपियों के पास होने की बात कबूली है। यही वजह है कि पुलिस ने तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
हथियारबंद डकैतों ने 11 अगस्त को इसाफ बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। हथियारों से लैस आरोपी बैंक में दाखिल हुए और बैंक में रखा 15 किलो सोना और नकदी लेकर फरार हो गए थे। आरोपियों के द्वारा लूट की पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई थी। डकैती मामले में पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है। जानकारी अंजना तिवारी, एएसपी ने दी।
-------------------------------
सीमेंट कंपनी की बस ने 3 लोगों को रौंदाः 1 श्रमिक की मौत, प्लांट में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना
नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र में आज सुबह एक तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक श्रमिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने पास ही स्थित ग्रीनको कंपनी के प्लांट में जमकर हंगामा, तोड़फोड़ और आगजनी की।
दरअसल हादसा ग्राम खीमला में ग्रीनको कंपनी के प्लांट के पास हुआ। तीन श्रमिक एक ही बाइक पर काम करने जा रहे थे, तभी एलएनटी कंपनी की बस ने ठोकर मार दी। हादसे में एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम अमरपुरा निवासी लच्छूराम पिता रामेश्वर रावत (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, अमरपुरा निवासी गोविंद पिता परसराम (27 वर्ष) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया है। तीसरे घायल, मगड़दा निवासी अनिल मीणा (18 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की खबर लगते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने ग्रीनको प्लांट के बाहर चक्का जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ ही देर में स्थिति अनियंत्रित हो गई और गुस्साई भीड़ ने प्लांट परिसर में तोड़फोड़ करते हुए बस में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल वहां पर स्थिति नियंत्रित में किंतु तनावपूर्ण है। लोग अभी गेट के बाहर डटे हुए है।



