This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

दिल्ली पुलिस ने किया ISIS मॉड्यूल का भंडाफोड़ : MP सहित 4 राज्यों से 5 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 

नई दिल्ली। खुफिया एजेंसियों और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को दिवाली से पहले बड़ी कामयाबी मिली है। देशभर में समन्वित छापेमारी के बाद ISIS से जुड़े 5 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इन आतंकियों के पास से हथियारों के साथ-साथ आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ है।
कहां-कहां से हुई गिरफ्तारी?
दिल्ली से : आफताब और सूफियान (दोनों मुंबई निवासी)
रांची (झारखंड) से : अशरफ दानिश (ग्रुप का हेड)
मध्य प्रदेश और तेलंगाना (हैदराबाद) से : एक-एक संदिग्ध गिरफ्तार
आतंकी अशरफ दानिश लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर था। वह छात्र बनकर रांची के इस्लामनगर में छिपा हुआ था।
बरामद सामान
पुलिस की छापेमारी में आतंकियों से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार मिले:
पिस्टल और कारतूस
हाइड्रोक्लोरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सल्फर पाउडर
कॉपर शीट, बॉल बेयरिंग, वायर स्ट्रिप, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट
लैपटॉप, मोबाइल फोन और कैश
जांच में सामने आया है कि दानिश केमिकल हथियार बनाने में माहिर था और सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से जुड़ा हुआ था।
9 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर दिल्ली पुलिस ने आफताब को पकड़ा। पूछताछ में दानिश और अन्य साथियों के बारे में सुराग मिला। इसके बाद दिल्ली पुलिस, झारखंड ATS और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर रांची से दानिश को गिरफ्तार किया। दानिश की निशानदेही पर अन्य राज्यों में भी छापेमारी की गई और दो और संदिग्ध पकड़े गए।
आतंकी साजिश का मकसद
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह मॉड्यूल भारत में बड़े आतंकी हमले की तैयारी कर रहा था।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर मोड़ना
ऑनलाइन ग्रुप बनाकर सांप्रदायिक नफरत फैलाना
दिल्ली-NCR और अन्य बड़े शहरों में धमाका करने की साजिश
बिहार से घुसे पाकिस्तानी आतंकी भी रडार पर
28 अगस्त को नेपाल बॉर्डर से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 3 पाकिस्तानी आतंकी बिहार में घुसे थे। पुलिस ने उनकी तस्वीरें जारी कर ₹50,000 का इनाम रखा है। माना जा रहा है कि ISIS मॉड्यूल और इन आतंकियों के बीच कनेक्शन की भी जांच हो रही है।
गिरफ्तार 5 आतंकियों से पूछताछ जारी है। खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उनका अगला निशाना कौन सा शहर था और हमले की प्लानिंग कितनी आगे बढ़ चुकी थी। बरामद लैपटॉप, मोबाइल और डिजिटल डिवाइस की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

----------------------------
सोम कंपनी की बियर फैक्ट्री पर कस्टम विभाग का छापा, टैक्स चोरी और इंपोर्ट-एक्सपोर्ट घोटाले की आशंका
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कस्टम विभाग ने गुरुवार को सोम समूह के ठिकानों पर छापा मारा। कार्रवाई बियर की बोतलों पर टैक्स चोरी और एक्सपोर्ट-इंपोर्ट में गड़बड़ी की शिकायत के आधार पर की गई। बताया जा रहा है कि यह बोतलें ओमान से आती हैं।
कस्टम की टीम ने एमपी नगर स्थित सोम समूह के ऑफिस और फैक्ट्री में दबिश दी। आरोप है कि बियर की बोतलों पर टैक्स चोरी की गई और इंपोर्ट-एक्सपोर्ट प्रक्रिया में बड़ा घोटाला हुआ है। इससे पहले भी यह फैक्ट्री घटिया क्वालिटी और बोतलों की दोबारा पैकिंग को लेकर विवादों में रही है।
छापे की कार्रवाई के दौरान सोम बिसलेरी के कर्मचारियों ने मीडिया को कवरेज करने से रोका और बहस भी की। वहीं, कंपनी के मैनेजर ने बताया कि कस्टम विभाग ने अकाउंट सेक्शन में दस्तावेजों की जांच की है। फिलहाल टीम कागजात खंगाल रही है और जांच के बाद बड़ा खुलासा होने की संभावना है।
----------------------------
नेपाल की अंतरिम पीएम बनेंगी सुशीला कार्की, Gen-Z ने वर्चुअल मीटिंग में लगाई मुहर
काठमांडू। नेपाल इस समय भीषण राजनीतिक और सामाजिक उथल-पुथल से गुजर रहा है। हिंसा, आगजनी और जेल तोड़ की घटनाओं के बीच अब देश को अंतरिम प्रधानमंत्री मिल गई हैं। नेपाल की पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की को जेन-जी आंदोलन से जुड़े युवाओं ने अंतरिम सरकार का नेतृत्व सौंपने का निर्णय लिया है। बुधवार देर रात हुई वर्चुअल मीटिंग में करीब 5000 युवाओं ने हिस्सा लिया और सर्वसम्मति से कार्की का नाम आगे बढ़ाया।
काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया और कहा कि अब देश को अंतरिम सरकार की दिशा में ले जाना होगा, ताकि नए चुनाव कराए जा सकें।
पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने ताजा संदेश में बिना नाम लिए भारत पर तख्तापलट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “राम नेपाल में जन्मे थे और लिपुलेख, कालापानी व लिम्पियाधुरा नेपाल के हिस्से हैं। अगर मैं इन मुद्दों से पीछे हट जाता तो मुझे और मौके मिलते।” हालांकि, ओली ने आंदोलनकारियों से हिंसा और तोड़फोड़ न करने की अपील भी की।
सुशीला कार्की कौन हैं?
जन्म : 7 जून 1952, सरलाही जिले के शंकरपुर गांव में
शिक्षा : बीएचयू (वाराणसी) से राजनीति शास्त्र में एमए (1975)
करियर : 1979 में वकालत शुरू की
2016-2017 : नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश
प्रमुख फैसले :
पूर्व सूचना मंत्री जयप्रकाश गुप्ता को भ्रष्टाचार मामले में दोषी ठहराया
डीआईजी जयबहादुर चंद की डीजीपी पद पर नियुक्ति रद्द की
कार्की को भ्रष्टाचार विरोधी छवि और निष्पक्ष फैसलों के लिए जाना जाता है। 2017 में उन पर कार्यपालिका में दखल देने के आरोप में महाभियोग प्रस्ताव भी लाया गया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसे रद्द कर दिया था।
नेपाल में हालात
अब तक 30 लोगों की मौत, 1,033 घायल
13,500 कैदी जेलों से फरार
त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट बंद, विदेशी यात्री फंसे
सुप्रीम कोर्ट भवन में आग, सभी सुनवाई अनिश्चितकाल तक स्थगित
धाडिंग जेल तोड़ने की कोशिश के दौरान गोलीबारी, एक कैदी की मौत
सेना ने कर्फ्यू गुरुवार सुबह तक बढ़ाया
भारत की भूमिका और मदद
भारत सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। एअर इंडिया ने दिल्ली से काठमांडू और वापसी के लिए स्पेशल फ्लाइट शुरू की है ताकि फंसे हुए भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सके। विदेश सचिव ने आश्वासन दिया है कि नेपाल में मौजूद करीब 1,000 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की जा रही है।
सरकार द्वारा फेसबुक, एक्स, यूट्यूब समेत 20 से ज्याजा साइट्स बैन
पिछले 24 साल में 3 बड़े घोटाले
बेरोजगारी दर 10% से अधिक
5 साल में तीन प्रधानमंत्री बदल चुके
भारत से बढ़ती दूरी और चीन-अमेरिका का दबाव
नेताओं के परिवारवाद और ऐशो-आराम से नाराजगी
विशेषज्ञ मानते हैं कि नेपाल के संविधान में अंतरिम सरकार का सीधा उल्लेख नहीं है। लेकिन मौजूदा संकट को देखते हुए छह महीने के भीतर चुनाव कराने के लिए अंतरिम सरकार का गठन व्यावहारिक कदम हो सकता है। सुशीला कार्की के नेतृत्व में अब नेपाल को नया जनादेश दिलाने की तैयारी होगी।