हरदा। हरदा जिले में सोमवार सुबह करीब 10:15 बजे एक युवक और युवती का अपहरण कर लिया गया। यह घटना होटल हवेली के सामने की है और पूरी वारदात पास के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। सिटी कोतवाली टीआई रोशनलाल भारती के अनुसार, वीडियो में कुछ लोग जबरदस्ती युवक-युवती को दो गाड़ियों में बैठाते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
CCTV फुटेज में महेंद्र काशिव नामक व्यक्ति भी नजर आया है, जो भीम आर्मी का संभागीय अध्यक्ष बताया जा रहा है। महेंद्र काशिव छीपानेर रोड के स्वागत गेट के पास रहने वाला है।
सूत्रों के मुताबिक युवक-युवती दतिया जिले से भागकर हरदा आए थे। दोनों के घर आमने-सामने हैं और एक ही गोत्र के हैं। परिवार वालों ने उनके प्रेम संबंध पर आपत्ति जताई थी, जिससे परेशान होकर दोनों घर से भाग गए थे।
महेंद्र काशिव ने कहा कि वे तो परिवार की मदद के लिए वहां पहुंचे थे। उन्हें भीम आर्मी के साथी ने बताया कि एक बालिका लापता है। उन्होंने दावा किया कि हरदा पुलिस ने ही लोकेशन बताई थी और उसी के आधार पर वे पहुंचे। महेंद्र बोले, ‘हम कोई भगवान नहीं कि लोकेशन खुद से मिल जाए। युवक-युवती हमें देखकर भागने लगे थे।” जब उनसे पूछा गया कि युवक-युवती अब कहां हैं, तो उन्होंने कहा, “दोनों रास्ते में हैं, उन्हें वापस हरदा लाया जा रहा है।’
युवती के भाई ने बताया कि उनकी बहन 20 दिन पहले गांव के ही युवक के साथ घर से चली गई थी। परिवार उसकी तलाश कर रहा था। दतिया पुलिस ने जो लोकेशन बताई, उस आधार पर वे हरदा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हम दोनों को वापस दतिया ले जा रहे थे, लेकिन अपहरण की खबर आने पर वापस हरदा लाया जा रहा है।
-------------------------
पैसों के खातिर बाप ने बना दिया बालिका वधू, दूल्हे से लिए रुपए, पिता और पति के खिलाफ FIR दर्
धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग की शादी कर उसके बदले पैसे लिए गए। इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग की शादी 23 जून को हिंदू रीति-रिवाज से धरमपुरी में कर दी गई। शादी के बाद नाबालिग को करीब एक माह तक ससुराल में रहना पड़ा, जहां पति शिवम द्वारा उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए गए।
बताया जा रहा है कि जब नाबालिग ने सास से अपने घर जाने की इच्छा जताई, तो सास ने उसकी बुआ को सूचना दी। इसके बाद नाबालिग के पिता राज सूर्यवंशी ससुराल पहुंचे और मारपीट कर कहा कि उसे यहीं रहना होगा, क्योंकि शादी के बदले उन्होंने पैसे ले लिए हैं। मामला इंदौर थाने से शून्य पर कायमी के बाद धरमपुरी थाने पहुंचा। पुलिस ने पति शिवम और पिता राज सूर्यवंशी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
--------------------------
मंदिर में घुसकर मूर्ति से चांदी का मुकुट ले उड़े चोर, तलाश में जुटी पुलिस
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के रनेही गांव में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां चोरों ने इंसान नहीं बल्कि भगवान के घर को ही निशाना बना डाला। यहां अज्ञात चोरों ने रविवार की रात गांव के हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर मूर्ति पर चढ़ा चांदी का मुकुट चुरा लिया।
स्थानीय निवासी कुलदीप गौतम ने कोठी पुलिस को सूचना दी कि सोमवार सुबह जब लोग मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे, तो उन्होंने मूर्ति से मुकुट गायब और मंदिर के गेट का ताला टूटा हुआ पाया। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। कोठी पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। फिलहाल, पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में तफ्तीश कर रही है।

