This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

मृत व्यक्तियों के हस्ताक्षर करने पर पटवारी को SDM ने किया निलंबित

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 

ढीमरखेड़ा(कटनी)। सीमांकन कार्य में मृत व्यक्तियों के नाम पर हस्ताक्षर करना पटवारी को भारी पड़ गया। तहसीलदार के प्रतिवेदन पर एसडीएम ने पटवारी को निलंबित कर दिया है। वहीं निलंबन की कार्रवाई से राजस्व महकमें में हड़कंप की स्थिति है।
जिले के ढीमरखेड़ा मुख्यालय पटवारी दान सिंह के खिलाफ सीमांकन कार्य में मृत व्यक्तियों के नाम हस्ताक्षर करने की शिकायत ढीमरखेड़ा निवासी विवेक निधि रजक ने की थी। पटवारी ने शिकायतकर्ता के आरोपों को बेबुनियाद बताया और नियमानुसार काम करने की बात कही थी। लल्लूराम डॉट काम में खबर प्रकाशन के बाद अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया और जांच में पटवारी को दोषी पाया गया।
सीमांकन कार्य में मृत व्यक्तियों के हस्ताक्षर करने के मामले में तहसीलदार नितिन पटेल ने पटवारी को कारण बताओ नोटिस दिया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एसडीएम को कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा गया। एसडीएम निधि गोहल ने पटवारी दान सिंह के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। इस संबंध में एसडीएम ने बताया कि सीमांकन कार्य में मृत व्यक्तियों के हस्ताक्षर करने की शिकायत प्राप्त हुई और जांच में आरोप सही पाए गए। निलंबन की अवधि में पटवारी तहसील मुख्यालय कानून गो शाखा में रहेंगे।
----------------------------
बच्चों आज स्कूल की छुट्टी, गुरूजी अभी सो रहेः शराब के नशे में धुत शिक्षक का सोते हुए वीडियो वायरल
बैतूल। जिले के विकासखंड चिचोली के मांडवाड़ा गांव की माध्यमिक शाला में शिक्षक की शर्मनाक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ड्यूटी टाइम पर शिक्षक शराब के नशे में धुत होकर स्कूल में ही चैन की नींद सोते हुए मिला।
दरअसल शिक्षक अपने साथ शराब और चखना भी लेकर आया था और स्कूल में ही शराब पीकर आराम फरमा रहा था। इलाके के जयस संगठन के कार्यकर्ताओं को जब इस बात की खबर लगी, वे स्कूल पहुंचे और देखा कि शिक्षक नशे में सो रहा है। उसके पास से शराब की बोतल और चखना भी बरामद हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है जब शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंचे हों। इससे पहले भी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हो रहा।
स्कूल में पदस्थ दूसरे शिक्षक के बारे में ग्रामीणों ने बताया कि वह बिना किसी आवेदन के स्कूल से नदारद है। सरकार ने स्कूलों की निगरानी के लिए कई स्तर पर अधिकारी नियुक्त कर रखे हैं, लेकिन यहां उनकी मौजूदगी का कोई असर दिखाई नहीं देता। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक समय से पहले स्कूल बंद कर चले जाते हैं। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग इन दोनों शिक्षकों पर क्या कार्रवाई करता है।
--------------------------------
यहां पहली बार महिलाओं ने निकाली कावड़ यात्रा: रास्ते में पुष्प वर्षा से स्वागत, भगवान शिव का किया जलाभिषेक
रायसेन। मध्यप्रदेश में सावन माह में भगवान शिव की पूजा आराधान जारी है। प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं द्वारा कावड़ यात्रा निकाली जा रही है। नदी से जल लेकर भगवान महादेव का जलाभिषेक कर श्रद्धालु पुण्य लाभ कमा रहे हैं। इसी कड़ी में रायसेन जिले की बेगमगंज में पवित्र सावन माह में महिलाओं द्वारा कावड़ यात्रा निकाली गई।
शहर के रामनगर, श्याम नगर, अयोध्या नगर की दर्जनों महिलाओं ने शहर में पहली बार पवित्र जल लेकर कावड़ यात्रा निकाली। कावड़ यात्रा ढोल- ताशों के साथ नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए गुजरी। करीब 6 किलोमीटर का सफर पूरा करके कोलू घाट मंदिर पहुंची जहां अपने कंधों पर रखे कावड़ में रखे कलश के जल से शिव जी का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान महिलाएं भजन कीर्तन करते हुए चल रही थी। शहर के लोगों ने पहली बार महिलाओं की कावड़ यात्रा देखी विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर महिला कवाड़ियों का स्वागत किया गया।