This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

दाढ़ी-मूंछ मुंडवाकर गैंगस्टर का जुलूस निकालने पर हाईकोर्ट ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का दिया आदेश

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 

भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पुलिस द्वारा गैंगस्टर जुबेर मौलाना का सिर और दाढ़ी-मूंछ मुंडवाकर जुलूस निकालने के मामले में जबलपुर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए मानव अधिकार आयोग को कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं. जुबेर की पत्नी शमीम बानो ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि इस्लाम में दी गई व्यवस्था के खिलाफ पुलिस ने यह कदम उठाया.
जुबेर और उसके तीन गुर्गों को दो माह पहले पुलिस ने गिरफ्तार किया था. उसके पास से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और तीन छुरी जब्त की गई थीं. जुबेर और उसके साथियों ने शहर के मंगलवारा और टीला जमालपुरा क्षेत्र में वाहनों में तोड़-फोड़ करने के साथ ही फायरिंग की थी. हालांकि पुलिस का दावा था कि जुबेर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए खुद ही दाढ़ी, मूंछ और सिर मुंडवा लिया था.
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रशांत चौरसिया ने कोर्ट को बताया कि वारंट तामीली के मामले में भोपाल पुलिस ने जुबेर को गिरफ्तार किया था. फिर उसका जुलूस निकाला गया. याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट को बताया कि भोपाल कमिश्नर और मानव अधिकार आयोग को शिकायत पत्र देकर दोषी पुलिस कर्मचारियों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई थी.
अधिवक्ता प्रशांत चौरसिया ने बताया कि यह मामला आर्टिकल 21, 22, 25 और ह्यमन राइट्स के उल्लंघन का है. कोर्ट को बताया गया कि किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार करने के बाद उसका जुलूस नहीं निकाला जा सकता है. पुलिस को संबंधित कोर्ट में पेश करने का अधिकार है, इसके बाद उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा जाएगा.

--------------------------------
बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़: 15 मोटर साइकिल के साथ दो गिरफ्तार
देवास। अंचल के सतवास थाना क्षेत्र के नगर व ग्रामीण इलाकों में सक्रिय चोर गिरोह देवास सहित आसपास के जिलों से बाइक चुराता था और फिर उनको पहाड़, नदी-नालों के किनारे व जंगल में छुपा देता था। पुलिस ने बाइक चोरी की वारदातों की जांच के दौरान दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा। इनसे जब पूछताछ की गई तो एक के बाद एक 15 बाइक का खुलासा हुआ। आरोपितों द्वारा इनको पिछले कुछ माह में देवास जिले के विभिन्न स्थानों सहित इंदौर और खरगोन जिले से चुराया गया था और सौदा करने की तैयारी चल रही थी। इससे पहले ही आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
सतवास थाना टीआई बीडी बीरा ने बताया मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग मोटर साइकिलों पर मुहाई जागीर फाटा सतवास के पास आ रहे हैं। इसी स्थान के पास पुलिस की वाहन चेकिंग चल रही थी जैसे ही दोनों संदिग्ध आये, पुलिस ने उनको पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में इन्होंने अपना नाम सुकराम उर्फ कालू डोडवे, मकराम डोडवे निवासीगण बजरंगगढ थाना बागली बताया।
मोटरसाइकिल के संबंध मे पूछने पर आनाकानी करने लगे एवं मोटर साइकिलों के चेचिस नम्बर व इंजन नम्बर चेक करने पर इनके रजिस्ट्रेशन नंबर का पता चला। जांच की गई तो पता चला कि यह दोनों ही बाइक चोरी होने के प्रकरण सतवास थाने में पहले से दर्ज हैं। आरोपितों से सख़्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी की 13 और बाइक के बारे में बताया जो अलग-अलग स्थान पर पहाड़, नदी नाले के किनारे, झाड़ियों में रखी थी, इनको भी जब्त किया गया। आरोपितों से और वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
लंबे समय से जिला मुख्यालय व अंचल के नगरों, गावों में बाइक चुराने वाले सक्रिय हैं। समय-समय पर पुलिस की धरपकड़ भी चलती रहती है लेकिन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग रहा है। वर्तमान में हर माह औसतन 10 से 15 बाइक पूरे जिले में चोरी हो रही हैं।
-------------------------------
ईरानी गैंग फिर सक्रियः बुजुर्ग महिला से लूट की वारदात, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
इंदौर। शहर में एक बार फिर से ईरानी गैंग सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में नकली पुलिस बन मंदिर से लौट रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया है। लूट की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया कि द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित स्कीम नंबर 71 में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला वैष्णो माता मंदिर के दर्शन कर घर लौट रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों द्वारा बुजुर्ग महिला को आपराधिक घटनाक्रम के बारे भय दिखाया और फिर पहने जेवर को एक पोटली में बांधकर दे दी। बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को दूसरी पोटली थमा कर कहा कि घर जाकर ही खोलना और वहां से फरार हो गए।
महिला ने घर जाकर पोटली खोली तो उसमें उसके जेवरात नहीं थे। इसके बाद मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिजन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। टीवी फुटेज में इरानी गैंग के दो बदमाश नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इसी तरह की घटना देवास में भी हुई है। पुलिस की टीम देवास भी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।