This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

एमपी में भाजयुमो नेता गिरफ्तार, कार में मिली 5 लाख की शराब…

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अब भारतीय जनता युवा मोर्चा का नेता प्रशांत राय शराब की तस्करी कर रहा था. इस बात का खुलासा देर रात आबकारी विभाग की टीम द्वारा किया गया है. आबकारी टीम ने ग्राम पौड़ी मझौली में दबिश देकर की है जब प्रशांत राय अपनी कार में 20 पेटी देशी शराब लेकर जा रहा था.
खबर है कि आबकारी विभाग ने मुखबिर की सूचना पर पौड़ी-मझौली मार्ग पर कार को घेराबंदी कर पकड़ा. जिसकी तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध मदिरा मिली. आरोपी की कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 3453 को शराब सहित जब्त कर लिया गया है. बरामद की गई शराब की कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है. खबर है कि प्रशांत राय मझौली युवा मोर्चा पश्चिम मंडल में कार्यालय मंत्री है. जिनके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क व 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया.
आबकारी विभाग ने आरोपी प्रशांत राय को न्यायालय में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है. इस मामले को लेकर युवा कांग्रेस अध्यक्ष विजय रजक ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भाजयुमो नेताओं से ऐसी ही गतिविधियों की उम्मीद की जा सकती है. कभी कोई बलात्कार के आरोप में, तो कोई अवैध शराब तस्करी में पकड़ा जा रहा है. जनता अब सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी.
---------------------------------------
ASI का रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल, SP ने किया निलंबित
विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज थाने में पदस्थ एएसआई दिलेराम प्रजापति का रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो 16 जुलाई का बताया जा रहा है जिसमें सिरोंज थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर दिलेराम प्रजापति कुछ लोगों से रिश्वत मांग रहे हैं। वायरल वीडियो में एएसआई (ASI) कहते नजर आ रहे हैं मैंने अपना काम कर दिया है पैसे देना हो तो दो और ना देना हो तो मत दो। वीडियो में एक व्यक्ति कह रहा है कि पैसे परसों दे देंगे, इस पर एएसआई कह रहे हैं कि मुझे छुट्टी पर जाना है।
वायरल वीडियो पर पुलिस विभाग ने तत्काल एक्शन लिया है। इस मामले को लेकर एसपी रोहित काशवानी का कहना है कि पुलिस प्रशासन की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। संबंधित एएसआई को तत्काल सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
----------------------------------
8 लाख की ब्रांडेड शराब ले उड़े बदमाश, 2 दिन पहले देसी शराब की पेटियां हुई थी गायब
इंदौर। मध्यप्रदेश में गुंडा बदमाशों के खिलाफ बुलडोजर चलने के बाद भी आपराधिक गतिविधियों में कमी नहीं आ पा रही है। इसी कड़ी में चोर भी बेखौफ है। इंदौर जिले के देपालपुर के समीप शराब गोदाम पर चोरों ने लंबा हाथ मारते हुए लाखों की ब्रांडेड शराब ले उड़े। चोरी गई शराब की कीमत लगभग 7 से 8 लाख रुपए आंकी गई है।
दरअसल चोरी की वारदात देपालपुर के समीप रंगवासा स्थित शराब दुकान के माल गोदाम की है, जहां से नामी कंपनी की ब्रांडेड शराब को चोर चुराकर ले गए। शराब दुकान के मैनेजर सुमेर सिंह ने बताया कि शराब दुकान के ठीक पीछे माल गोदाम है। गोदाम में 7-8 लाख रुपये की अलग-अलग कंपनी की ब्रांडेड शराब की पेटियां रखी हुई थी जिसकी चोरी हो गई।
मैनेजर ने यह भी बताया कि दो दिन पहले भी दूसरी शराब दुकानों से देसी शराब की पेटियां गायब हुई थी। चोरी की इस वारदात से पुलिस गश्त और सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। यह भी संभावना जताई जा रही है कि किसी कर्मचारी की मिलीभगत हो सकती है।