This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसा : 150 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी, 8 की मौके पर मौत

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुवानी से बकटा जा रही एक मैक्स गाड़ी अचानक बेकाबू होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए।
यह हादसा सोनी पुल के पास हुआ। हादसे के वक्त गाड़ी में 13 लोग सवार थे। जैसे ही घटना की सूचना मिली, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया गया और घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पिथौरागढ़ की एसएसपी रेखा यादव ने बताया कि गाड़ी मुवानी से बोकटा की ओर जा रही थी, तभी ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सीधे नदी में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। रेस्क्यू अभी भी जारी है।
प्रशासन की टीम इस दर्दनाक हादसे के पीछे की वजह की जांच में जुट गई है। माना जा रहा है कि सड़क की हालत या तकनीकी खराबी इसके पीछे हो सकती है। मृतकों की शिनाख्त और परिवारों को सूचना दी जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
------------------------------------
राहुल गांधी का लखनऊ कोर्ट में सरेंडर, 5 मिनट बाद जमानत
लखनऊ. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार 15 जुलाई की दोपहर को लखनऊ कोर्ट में सरेंडर किया। इसके 5 मिनट बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट आलोक वर्मा ने 20-20 हजार के दो बॉन्ड पर राहुल को जमानत दी। राहुल के वकील ने जमानत याचिका डाली थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। राहुल कोर्ट के अंदर करीब 30 मिनट तक रहे।
राहुल दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट आने के बाद सीधे एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे थे। भारतीय सेना पर की गई टिप्पणी को लेकर कोर्ट ने उन्हें पेश होने का आदेश दिया था। पिछली 5 सुनवाई के दौरान राहुल हाजिर नहीं हुए। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें समन जारी किया था। जमानत मिलने के बाद राहुल कोर्ट से सीधे अमौसी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।
राहुल के वकील प्रांशु अग्रवाल ने कोर्ट से राहुल की पेशी पर छूट की मांग की थी। मगर कोर्ट ने राहुल को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था। कोर्ट गेट पर गाडिय़ों का काफिला पहुंचते ही पुलिस ने राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और आराधना मिश्रा की कार रुकवा दी। पुलिस से नोकझोंक के बाद दोनों लोग पैदल चलकर अंदर गए।
बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) के पूर्व निदेशक उदय शंकर श्रीवास्तव ने 11 फरवरी को सीजेएम कोर्ट में राहुल के खिलाफ केस दायर किया था। इसमें कहा- राहुल ने 16 दिसंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भारतीय सेना पर टिप्पणी की थी। उन्होंने 9 दिसंबर 2022 को भारत-चीन सीमा पर हुई झड़प का जिक्र किया। राहुल ने कहा था कि चीनी सैनिक भारतीय सेना के जवानों को पीट रहे थे। पूर्व निदेशक ने दावा किया था कि राहुल का यह बयान तथ्यों के विपरीत और भ्रामक था। इससे न सिर्फ भारतीय सैनिकों का मनोबल प्रभावित हुआ, बल्कि उनके परिजनों की भावनाएं भी आहत हुईं।
दरअसल, 12 दिसंबर, 2022 को भारतीय सेना ने कहा था कि चीनी सैनिकों ने भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण की कोशिश की। भारतीय जवानों ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। इस टकराव में दोनों पक्षों के सैनिकों को हल्की चोटें आई थीं। हमारे जवानों ने चीनी सैनिकों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था।
-------------------------------------
बिलासपुर में तेज रफ्तार वाहन ने मवेशियों को रौंदा, 17 की मौत,5 मवेशी घायल
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ बिलासपुर में सोमवार की देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 20 से ज्यादा मवेशियों को कुचल दिया. जिससे 17 गौवंशों की मौके पर मौत हो गई. जबकि, 5 मवेशी घायल हंै. गौ-सेवकों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है.
इससे पहले, हाईकोर्ट ने सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को हटाने के लिए राज्य शासन को आदेश जारी किया है. बावजूद इसके सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है. जिसकी वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं. रात के अंधेरे में मवेशियों के नजर नहीं आने पर बाइक सवार हादसों का शिकार हो रहे हैं.
दरअसल, रतनपुर से पेंड्रा जाने वाले मार्ग पर बारीडीह के पास सड़क पर गाय, बैल और बछड़ों के झूंड बैठे थे. इसी दौरान रतनपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने गौवंशों को चपेट में ले लिया. हादसे के बाद ड्राइवर वाहन लेकर भाग निकला.
मंगलवार 15 जुलाई की सुबह इस घटना की जानकारी लोगों को हुई. उन्होंने इसकी सूचना गौ-सेवकों को दी. जिसके बाद आक्रोशित गौ सेवक मौके पर पहुंच गए. उन्होंने घायल गौवंशों को इलाज के लिए भेजा. जिसके बाद मामले की शिकायत रतनपुर थाने में की. गौसेवकों ने दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है.