This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

जान से खिलवाड़: उफनते नाले में बही ट्रैक्टर ट्रॉली, ग्रामीणों ने ऐसे बचाई चार युवकों की जान

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंअरपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। रातभर हुई बारिश के बाद उफान मारते नाले को पार करने की कोशिश में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बह गई। ट्रॉली में सवार चार युवकों की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ के चलते समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार पटेवरी गांव के निवासी विनोद आदिवासी, विमल आदिवासी, पूरन आदिवासी और एक ट्रैक्टर चालक मिट्टी से भरी ट्रॉली लेकर शिवपुरी की ओर जा रहे थे। जब वे कुंअरपुर गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तो यहां नाले में पानी काफी तेजी से बह रहा था। इसके बावजूद चालक ने लापरवाही बरतते हुए ट्रैक्टर ट्रॉली को नाले में उतार दिया। तेज बहाव के कारण ट्रॉली बह गई और पास की पुलिया के बीम में जाकर फंस गई।
गनीमत रही कि उस वक्त कुछ ग्रामीण मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बिना समय गंवाए रस्सियों की मदद से चारों युवकों को बाहर निकाला और एक बड़ा हादसा टल गया। नाले में पानी तेज बहाव में बह रहा है, यह जानते हुए भी ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर वाहन पानी में उतार दिया।

----------------------------------
एमपी में मेहरबान मानसून : प्रदेश में एक साथ 6 सिस्टम एक्टिव, 7 दिन जमकर बरसेंगे बादल
भोपाल. इस बार मानसून की रफ्तार काफी तेज रही. अमूमन प्रवेश के साथ ही प्रदेश को पूरा कवर करने में मानसून को 10 से 15 दिन लगते हैं. पर इस बार चार दिन में ही मानसून ने पूरा प्रदेश कवर कर लिया. भिंड और आसपास के कुछ हिस्से को छोड़ पूरे प्रदेश में मानसून छा गया है. बादलों के साथ ही सूरज के तेवर फीके पड़ गए. तपते सूबे को गर्मी से राहत मिली. बारिश और बौछारों से अधिकतम तापमान में गिरावट हुई. 8 जगह अधिकतम पारा 30 डिग्री से कम रहे. इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, गुना, रतलाम, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, धार, नर्मदापुरम, मंडला, सीधी, डिंडोरी और हरदा में बारिश-बौछार हुई.
राजधानी में बादलों की न्यूनतम ऊंचाई 800 फीट तक रही. हवा, बादल, बौछारों के कारण शहर के तापमान में तेजी से गिरावट हुई. दिन में बादलों के साथ-साथ रिमझिम फुहारें पड़ीं. ऐसे में पारा तीन डिग्री लुढ़ककर 30 डिग्री पर पहुंच गया. 105 दिनों बाद शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री पर पहुंचा है, इसके पहले 6 मार्च को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया था. 25.6 डिग्री तापमान के साथ दिन में इंदौर सबसे ठंडा रहा. जबकि रातें भी सुकून देने वाली रही. रात में पारा 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
प्रदेश में अभी 6 सिस्टम सक्रिय हैं. इससे नमी बनी हुई है. अभी झारखंड के पास लो प्रेशर एरिया बना है. दिशा उत्तर पूर्व की ओर है. राजस्थान में भी हवा का चक्रवात बना है. एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश के आसार हैं. अब मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में सप्ताहभर तक 20-21-22-23-24-25-26 को लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि 21 जून से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है. जिसके चलते कहीं मूसलाधार बारिश होगी, तो कहीं तेज बारिश का दौर चलेगा.
मालवा में बारिश से नदी-नाले उफनने लगे. नीमच में उफनती पुलिया पार करते 2 बाइक सवार बह गए, जिन्हें बचाया. ग्वालियर में चलती कार पर पेड़ गिर गया, जिसमें कार सवार बैंक मैनेजर अनीश सक्सेना घायल हो गए. शिवपुरी के देवरी सिनावल में बिजली गिरने से दो की मौत हो गई. दो गंभीर हैं.
-------------------------------------
शादी के दो दिन बाद मायके जाने लगी दुल्हन तो दूल्हे ने बुलाई पुलिस और फिर..
उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक दुल्हन जब शादी के दो दिन बाद ही मायके जाने लगी तो दूल्हे को उस पर शक हुआ और उसने पुलिस बुला ली। पुलिस घर पहुंची तो जमकर हंगामा मच गया। युवक के मुताबिक उसने 1 लाख 90 हजार रूपये देकर शादी की थी और सुहागरात पर ही उसे दुल्हन पर शक हो गया था। दुल्हन घर से जेवरात समेटकर भागने की फिराक में थी लेकिन वो सतर्कता था इसलिए लुटेरी दुल्हन का शिकार होने से बच गया।
उज्जैन के बिछड़ौद के रहने वाले संजय बैरागी नाम के युववक ने पुलिस को बताया कि वो पेशे से ड्राइवर है और शादी के लिए लड़की तलाश रहा था। इसी बीच मौसाजी ने इंदौर की लड़की से शादी कराने की बात कही थी। संजय परिवार के साथ बड़वाह जिले के गांव लक्ष्मणपुरा लड़की देखने गया तो भावना मराठे को दिखाया। इसके पहले उन्होंने 2 लाख रुपए की डिमांड की गई। शर्त के अनुसार 16 जून को भावना मराठे से चिंतामण गणेश मंदिर में फेरे हो गए। लड़की के परिवार वालों को 1 लाख 90 हजार रुपए दिए। शादी में दो पुरुष और दो महिलाएं आई थीं।
युवक संजय के मुताबिक सुहागरात पर भावना ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाया और दूसरे दिन से ही घर के महंगे जेवर समेटने शुरू कर दिए जिससे उसे शक हुआ। वो रात में किसी से फोन पर भी ये कह रही थी कि उसे यहां से ले जाए जिसके कारण उसे भावना पर शक हुआ और उसने उस पर नजर रखना शुरू की। शादी के दो दिन बाद इंदौर में रहने वाली दो रिश्तेदार सुधा और सोनू उसे लेने के लिए घर आ गए और कहा कि तुम्हारी मम्मी की तबीयत ठीक नहीं है। इससे शक और गहरा गया।
जब दो महिला रिश्तेदार भावना को लेने आईं तो संजय का शक गहरा गया और उसने सभी को एक कमरे में बंद कर पुलिस बुला ली। पुलिस के आने के बाद भावना को लेने आई महिलाओं ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया और खुद को खुद को इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला का रिश्तेदार बता परिवार वालों को धमकी दी। पुलिस ने आरोपी महिला और दलाल को पकड़ा तो उनके पास से कुछ और वीडियो व फोटो भी मिले हैं। तीनों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी सहित षड्यंत्र की धारा में केस दर्ज कर लिया है।

© 2017 Your Company. All Rights Reserved. Designed By WarpTheme