जबलपुर. मध्यप्रदेश के जबलपुर में चंदौली उत्तरप्रदेश के भाजपा नेता सुजीत सिंह के साथ हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है. लुटेरों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया है जब भाजपा नेता सुजीत सिंह परिवार के साथ मैहर में दर्शन करने के बाद उज्जैन के लिए रवाना हुए थे. वारदात उस वक्त हुई है जब वे सिहोरा रोड पर रेस्ट के लिए कार से उतरे थे, तभी बदमाशों ने उनपर हमला कर दिया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार भाजपा नेता सुजीत सिंह अपनी पत्नी, बेटे, साथी व ड्राइवर के साथ कार से 18 जून की सुबह 4 बजे निकले थे. दोपहर में उन्होने मैहर पहुंचकर शारदा माता के दर्शन किए. इसके बाद वे रात 9 बजे जबलपुर के लिए रवाना हुए. रात करीब 11 बजे सुजीत सिंह ने अपनी कार खितौला थाने के पास हाईवे पर रोकी और कार से उतरकर बाहर खड़े हो गए. इस दौरान 4 से 5 बदमाश हथियारों से लैस होकर पहुंचे और सुजीत सिंह पर हमला कर दिया. सुजीत सिंह सम्हल पाते इससे पहले बदमाशों ने हीरा का लॉकेट लगी सोने की चैन लूट ली, हमला होते देख कार चालक ने हूटर बजा दिया, जिससे लुटेरे भाग निकले. सुजीत सिंह गोसलपुर थाना पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी, उन्हे यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला खितौला थाना का है, इसके बाद वे खितौला थाना पहुंचे, जहां पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरु कर दी है.
भाजपा नेता सुजीतसिंह का कहना था कि घटना के कई घंटे बाद भी पुलिस ने सिर्फ मामला दर्ज कर खानापूर्ति की. यदि तत्काल एक्शन लिया जाता तो आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त में होते. उन्होने जबलपुर पुलिस पर समय पर कार्यवाही न किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होने कहा कि यदि यही घटना यूपी में होती तो आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त में होते, हमें खितौला थाना में घंटो तक बिठाए रखा, इसके बाद जब टीआई से कहा तो उन्होने घटनास्थल पर जाने से इंकार कर दिया. इधर पुलिस अधिकारी यह कहते नजर आ रहे है कि प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है. कुछ लोगों को चोट भी आई है जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है.
--------------------------------------
युवक को डसकर सांप तड़प-तड़प कर मिनटों में मरा, रेंजर बोले- यह अति दुर्लभ है
बालाघाट। जिले के नवेगांव ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम खुड़सोड़ी में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, यहां एक जहरीले डोंगरबेलिया सांप ने एक युवक को डस लिया। उसके बाद सांप की कुछ ही मिनट में तड़प-तड़प कर मौत हो गई। परिजन उस मरे हुए सांप और युवक को लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां युवक को भर्ती किया गया।
मामले के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सर्पदंश से पीड़ित युवक सचिन पिता गजब नगपुरे (25) कार मैकेनिक का काम करता है। गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे वह अपने खेत गया था। यहां पर अचानक से उसका बाया पैर सांप के ऊपर पड़ गया। सांप ने उसे डस लिया, जिसके कुछ देर बाद ही सांप तड़प-तड़प कर मर गया।
उसके बाद युवक ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे। वह सांप और युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां परिजनों ने बताया कि डसने वाला सांप कोई साधारण सांप नही था, बल्कि डोंगरबेलिया सांप है। वह अत्यंत ही जहरीला होता है।
पीड़ित युवक ने बताया कि वह अलग-अलग पेड़ की लकड़ियों से मंजन करता है। वह चिढ़चिडिया की लकड़ी, पिसोंडी, पल्सा, जाम, आम, तुअर, आजन, करंजी, नीम के पेड़ की लकड़ी से सात से आठ साल से मंजन कर रहा है। इस कारण से सांप उसे डसने के बाद मर गया होगा।
इस मामले में फारेस्ट विभाग के रेंजर धर्मेन्द्र बिसेन का मानना है कि किसी इंसान को डसने के तुरंत बाद सांप मर जाए। यह दुर्लभ से अति दुर्लभ स्थिति में ही हो सकता है। सांप के डसने के बाद पलटने की स्थिति में उसकी जहर की थैली फट जाए, तो ही ऐसा संभव हैं।
-----------------------------
संस्कारधानी में 2 युवकों को बांधकर लाठी-डंडों से पीटा, अस्पताल में भर्ती
जबलपुर. मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया है. जहां कुछ बदमाशों ने 2 युवकों को बांधकर जमकर पीटा और फरार हो गए. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है. वहीं अब मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह घटना बगराजी थाना इलाके की है.
दरअसल, रोहित यादव और राहुल बर्मन पान की दुकान पर खड़े थे. तभी जितेंद्र पटेल, योगेश पटेल, सोनू रजक, विकास जायसवाल और प्रमोद पटेल वहां लाठियों के साथ पहुंचे और उन पर हमला कर दिया. लाठी-डंडे से जमकर पिटाई की गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों के परिजनों को सूचना दी. इसके बाद परिजनों ने उन्हें निजी गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां उनका इलाज जारी है.
इधर, थाने में सुनवाई नहीं होने पर परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. परिजनों का कहना है कि बदमाशों पर पहले भी गंभीर आपराधिक केस दर्ज हैं. उन पर जिलाबदर की कार्रवाई भी हो चुकी है. फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है

