जबलपुर. एमपी के जबलपुर में विजय नगर स्थित होटल वेलवेट में चल रहे देह-व्यापार के अड्डे पर पुलिस ने देर रात छापा मारा है. पुलिस की दबिश से होटल में हड़कम्प मच गया, पुलिस ने यहां से ग्राहक जीवन पांडे, तीन महिलाओं सहित होटल संचालक प्रदीप मिश्रा को गिरफ्तार किया है. इन सभी के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. इससे पहले भाजपा नेता की होटल अतिथि में पुलिस ने दबिश देकर देह व्यापार के अड्डे का खुलासा किया था.
इस संबंध में लार्डगंज पुलिस ने बताया कि जीरो डिग्री विजय नगर स्थित होटल वेलवेट में देह व्यापार का धंधा कराए जाने की खबर मिली. जिसपर पुलिस ने होटल में घेराबंदी कर दबिश दी. पुलिस की दबिश से कर्मचारियों में भगदड़ व अफरातफरी मच गई. पुलिस ने एक-एक कमरे की तलाशी ली तो एक कमरे से दो युवतियां व दूसरे कमरे में ग्राहक जीवन पांडे एक युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में मिला.
पकड़ी गई युवतियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के लगभग है, जिन्हे हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरु कर दी. पुलिस को पूछताछ में यह पता चला कि होटल संचालक द्वारा ग्राहकों को युवतियों की फोटो दिखाकर पंसद कराता, इसके बाद सौदा तय होता था. जिसके चलते युवतियों के लिए दो से पांच हजार रुपए लिए जाते थे. जबकि किराया अलग से लिया जाता है. खबर है कि होटल में दूसरे प्रदेशों से भी युवतियां भी बुलाई जाती थी, किसी को युवती को होटल में ज्यादा दिन तक नहीं रखा जाता था, उन्हे होटल में ही अलग कमरे से रखा जाता था. इसके अलावा पहचान छिपाकर ठहरने के लिए ग्राहकों को कमरा दिया जाता था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
-------------------------
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा-लाड़ली बहनों को दिवाली से हर महीने मिलेंगे 1500 रुपए
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर में लाड़ली बहना योजना को लेकर महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। सीएम ने घोषणा की कि दिवाली से योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपए प्रति माह कर दी जाएगी। फिलहाल, बहनों को हर माह 1250 रुपए मिल रहे हैं। इसके अलावा रक्षाबंधन पर 250 रुपए अतिरिक्त बोनस के रूप में दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, हमने डंके की चोट पर कहा था कि लाड़ली बहनों को 3000 रुपए महीना देंगे और हम अपने वादे पर कायम हैं। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत 1000 रुपए प्रति माह से हुई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1250 रुपए किया गया। अब रक्षाबंधन पर 250 रुपए अतिरिक्त देने के बाद, दिवाली से यह राशि 1500 रुपए की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार हर साल लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाती रहेगी और वर्ष 2028 तक इसे 3000 रुपए प्रति बहन प्रति माह तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा- हमारा संकल्प पत्र सिर्फ कागज का वादा नहीं है, बल्कि इसे पांच साल में पूरा किया जाएगा। बीजेपी जो कहती है, वो करती है। लाड़ली बहनें हमारी ताकत हैं और उनकी आर्थिक मजबूती हमारी प्राथमिकता है।
--------------------------------
देर रात दो बसों में लगी आग, जलकर हुई खाक, नक्सली साजिश की आशंका
बालाघाट। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले के रूपझर थाना क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात उकवा वेयरहाउस के पास खड़ी दो निजी बसों में आग लग गई। ये घटना देर रात करीब 2:30 बजे की है। पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों बसें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।
घटना स्थल जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित है और यह इलाका छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र की सीमाओं से सटा हुआ है, जिस कारण नक्सली गतिविधियों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
हाल ही में इसी क्षेत्र के जंगलों में 14 जून को पुलिस और सुरक्षा बलों की मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों समेत चार उग्रवादी मारे गए थे। ऐसे में घटना को लेकर पुलिस नक्सली प्रतिशोध की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। उकवा पुलिस चौकी प्रभारी गोपाल सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आग स्वाभाविक थी या किसी ने जानबूझकर लगाई।
बसों के मालिक संतोष अग्रवाल ने बताया कि ये दोनों बसें पहले हैदराबाद रूट पर चलती थीं, लेकिन व्यावसायिक घाटे के कारण पिछले एक महीने से इन बसों को खदान के पास खड़ा किया गया था। अग्रवाल के अनुसार, इस घटना में उन्हें करीब 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही उकवा पुलिस और बस मालिक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बस मालिक सूरज अग्रवाल और उनके बेटे संतोष अग्रवाल की शिकायत पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग दुर्घटनावश लगी या किसी ने साजिश के तहत लगाई।
मध्य प्रदेश




