शहडोल। ब्यौहारी के अखेटपुर में स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस के आनुषांगिक संगठन विद्या भारती के स्कूल सरस्वती शिशु मंदिर में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने तोड़फोड़ की। बदमाशों ने स्कूल के कई दरवाजों के ताले तोड़ दिए। साथ ही पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की तस्वीर को तोड़कर नीचे फेंक दिया और स्कूल के रजिस्टर को जला दिया। इसके अलावा पंखों समेत कई सामान को भी नुकसान पहुंचाया।
स्कूल के प्राचार्य शिवकुमार पटेल ने बताया कि स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मकसद समझ से परे है। उन्होंने कहा कि यह घटना शिक्षा के वातावरण को बिगाड़ने वाली है और इसे किसी भी रूप में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। प्राचार्य ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और आरोपी बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि स्कूल के प्राचार्य शिवकुमार पटेल ने शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है और इसे शिक्षा के माहौल को खराब करने वाली घटना बताया। उनका कहना है कि स्कूल समाज और संस्कृति की धरोहर है और ऐसी घटनाएं बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक असर डाल सकती हैं। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इस प्रकार की हिंसा से समाज में नफरत और अशांति फैलती है, जो किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।
--------------------------------
डॉ रिचा पांडे सुसाइड केस: पति के प्रेम संबंध से परेशान थी रिचा, पुलिस ने पति के खिलाफ दर्ज किया केस
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में डॉक्टर रिचा पांडे सुसाइड मामले में पति के प्रेम संबंध का खुलासा हुआ है। पति के प्रेम संबंध से डॉक्टर रिचा पांडे परेशान थी। पति अभिजीत पांडे का एक लड़की से प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी अभिजीत पांडे लड़की के संपर्क में था। इसी बात को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच में अक्सर विवाद होता था। इसी से परेशान होकर रिचा पांडे ने एनीस्थीसिया के पांच इंजेक्शन लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने आरोपी पति अभिजीत पांडे के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ और मोबाइल से मिले सबूत के आधार पर FIR दर्ज की गई है।
बता दें कि मृतका मूलतः लखनऊ की निवासी थी। एमपी सतना निवासी अभिजीत पांडेय से 4 माह पूर्व शादी हुई थी। बीडीएस डॉक्टर पति की एम पी नगर में प्राइवेट क्लीनिक है। मौत के बाद मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) की टीम और मृतका के हाथ में इंजेक्शन के मिले निशान के बाद जांच आगे बढ़ी थी। मामले में पुलिस ने पति से पूछताछ की थी। वहीं मृतका के पिता ने भी दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
-------------------------
गैस रिफलिंग के दौरान ब्लास्ट: 2 बच्चे झुलसे, अवैध रूप से भरी जा रही थी टंकियां
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में गैस रिफलिंग करने के दौरान ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, आजाद नगर थाना क्षेत्र स्थित यादव गैस रिफिलिंग शॉप में अवैध रूप से गैस टंकी में रिफिलिंग की जा रही थी। इसी कड़ी में आज अचानक ब्लास्ट हो गया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि गनीमत रही कि आग ने विकराल रूप नहीं लिया वरना बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी।
इस हादसे ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के बीचों बीच प्रशासन की नाक के नीचे गैस टंकियों की अवैध रूप से रिफिलिंग करने का काम कैसा किया जा रहा है? अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद पुलिस अलर्ट होती है या फिर यूं ही यह गोरखधंधा चलता रहेगा।




