This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

गैंगस्टरर्स तक पिस्टल पहुंचाती थी पिंकी, महिला होने से पुलिस नहीं करती थी संदेह, पिंकी जेल में बंद

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

बुरहानपुर। पाचोरी के सिकलीगरों द्वारा बनाई गई चार देसी पिस्टलों की तस्करी करते गिरफ्तार की गई उत्तर प्रदेश के शाहगंज की पिंकी को लेकर नई जानकारी सामने आई है। पुलिस को जांच में पता चला है कि वह यूपी के आगरा सहित कई शहरों की गुंडा गैंग तक ये पिस्टल पहुंचाती थी। इससे पहले भी वह दो से तीन बार पाचोरी से पिस्टलों की खेप ले जा चुकी है।
महिला होने के कारण उस पर पुलिस और मुखबिर संदेह नहीं करते थे। अपराधियों तक हथियार पहुंचाने के बदले उसे मोटी रकम मिलती थी। खकनार थाना पुलिस अब भी उसके सोशल मीडिया अकाउंट और कॉल डिटेल्स को खंगाल रही है।
फिलहाल पिंकी खंडवा जेल में बंद है, लेकिन जांच में मिल रही नई जानकारियों की पुष्टि के लिए पुलिस जल्द उसे रिमांड पर ले सकती है। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने गुंडा गैंग से उसका कनेक्शन होने की बात स्वीकार की है, लेकिन प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मिले तथ्यों को साझा नहीं किया है।
खकनार थाना पुलिस ने नौ नवंबर की शाम मुखबिर की सूचना पर 45 वर्षीय तस्कर पिंकी बाई को नायर फाटे के पास से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार वर्तमान में पिंकी ने आगरा शहर को अपना ठिकाना बना रखा था। बुरहानपुर से हथियार लेकर वह सीधे आगरा जाती थी। वहां से अन्य शहरों में हथियार पहुंचाती थी। इसके अलावा उसका मप्र के ग्वालियर शहर से भी कनेक्शन सामने आया है।
अवैध रूप से पिस्टल बनाने और बेचने का गोरखधंधा यूं तो निमाड़ के बड़वानी, खंडवा, खरगोन सहित अन्य कई जिलों में चल रहा है, लेकिन अपराधियों के बीच बुरहानपुर के पाचोरी में बनी पिस्टलों की मांग सबसे ज्यादा है। इसका कारण यहां बनाई जाने वाली पिस्टलों की गुणवत्ता है। गोली चलाने पर इन पिस्टलों की न तो नाल फटती है और न ये गर्म होती हैं। देखने में ये ब्रांडेड जैसी नजर आती हैं।

---------------------------------
लेडी गैंगस्टर की एंट्री से फैली दहशत: घर घुसकर किया युवक का अपहरण, फिर अधमरा कर पहाड़ी पर छोड़ा
जबलपुर। जबलपुर में बदमाशों का आतंक लगातार जारी है, वहीं अब इसमें लेडी गैंगस्टर की भी एंट्री हो गई है। ताजा मामला शहर के गढ़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां महिला गैंगस्टर पीहू विश्वकर्मा ने अपने साथी विक्की सोनकर के साथ मिलकर पड़ोसी मनोज शर्मा के घर में घुसकर पहले मारपीट की फिर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद पीड़ित को उसके बाद सुनसान पहाड़ी पर ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, यही नहीं बल्कि उसे अधमरा करने के बाद उसी हालत में छोड़कर वहां से फरार हो गए। घायल युवक किसी तरह अपने घर पहुंचा। परिजनों ने गढ़ा थाने पहुंचकर महिला गैंगस्टर व उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
बताया जा रहा है कि पड़ोसी मनोज शर्मा के घर के सामने विक्की सोनकर शराब पीकर तमाशा कर रहा था। जब उसने बदमाश को ऐसा करने से रोका तो उसका पारा हाई हो गया। इसके बाद लेडी गैंगस्टर के साथ मिलकर विक्की ने पड़ोसी युवक का पहले अपहरण किया फिर पहाड़ी में ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की।
गढ़ा पुलिस ने महिला गैंगस्टर समेत अन्य पर मामला दर्ज आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लेडी गैंगस्टर पर जहां गुंडागर्दी के 4 मामले दर्ज है, वहीं उसके साथी विक्की सोनकर पर 10 से ज्यादा मामले अलग-अलग थानों में दर्ज है।
----------------------------
9 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट कर किया टॉर्चर: इस बार युवती को बनाया शिकार, ठगे 6 लाख
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बार फिर डिजिटल अरेस्ट का मामला सामने आया है। जहां एक युवती को डिजिटल अरेस्ट कर उसके खाते से 6 लाख रुपय ट्रांसफर करा कर ठगी कर ली गई। युवती के नाम से पार्सल बुक होने और उससे ड्रग्स भेजने की धमकी देकर युवती को झांसे में लिया गया और फिर डिजिटल अरेस्ट कर के रखा। उसके खातों की गोपनीय जानकारियां ले ली गई। जिसके बाद में जब युवती को समझ में आया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है तो उसने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दरअसल, ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के घोसीपुरा रेलवे स्टेशन के पास मानस विहार कॉलोनी में रहने वाली युवती मानसी शर्मा को डिजिटल अरेस्ट कर धोखाधड़ी की यह वारदात हुई है। एसपी ऑफिस पहुंची मानसी ने बताया कि 7 नवंबर की दोपहर उसके मोबाइल नंबर पर अनजान व्यक्ति का कॉल आया और करीबन 30 मिनट उसने बात करते हुए बताया कि युवती के नाम पर एक पार्सल है। जिसमें अवैध ड्रग्स मिला हैं। युवती को कहा गया कि पूरे मामले की जांच चल रही है। जिसके बाद उसे वीडियो कॉल के माध्यम से एक व्यक्ति ने कॉल किया जिसने अपने आपको पुलिस अधिकारी बताते हुए कहा की बैंक खाते से संबंधित पूछताछ हो रही है।
युवती को मानसिक दबाव में रखते हुए करीबन 9 घंटे तक उसे डिजिटल अरेस्ट कर टॉर्चर करते रहे। आरोपियों ने युवती से आधार कार्ड की फोटो और अन्य गोपनीय जानकारियां लेली। साथ ही डरा धमका कर तीन अलग-अलग बैंक खातों में 6 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए गए इतना ही नहीं जालसाजों ने युवती के नाम पर का लोन लेने का प्रयास भी किया। लेकिन तब तक युवती इस पूरी धोखाधड़ी के बारे में समझ गई थी कि उसके साथ धोखाधड़ी हो रही है। ऐसे में पीड़ित युवती ने ग्वालियर एसपी ऑफिस पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की शिकायत की है।
एडिशनल एसपी गजेंद्र वर्धमान ने बताया कि पीड़ित युवती ने शिकायत की है करीबन 5 दिन पहले उसके पास स्काई एप के जरिए उसे झांसे में लेकर उसके साथ 6 लाख की धोखाधड़ी हुई है। इस मामले को क्राइम ब्रांच को जांच के लिए सौंपा है। जिसके बाद मामले की जांच के बाद में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है और सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से अपील की जा रही है कि इस तरह के झांसे में ना आए साथ ही लोगों को बता रहे है कि डिजिटल अरेस्ट नाम की कोई चीज नहीं होती है फिर भी लोग इसके शिकार हो रहे हैं।